
दिनेश कुमार स्वामी. रामदेवरा मेले के चलते बीकानेर-जैसलमेर नेशनल हाइवे पर 200 किलोमीटर पर इन दिनों हजारों वाहन रोजाना आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में सामान्य दिनों के कई गुणा ज्यादा टोल कलेक्शन हो रहा है। वाहनों की तादाद बढ़ने पर मेले के दृष्टिगत टोल नाकों पर अतिरिक्त लेन की व्यवस्था की दरकार थी। परन्तु टोल नाका ठेकेदारों ने इसके उलट पहले से चल रहे चार या पांच लेन में से कहीं दो, तो कहीं तीन लेन को बंद रखा। ऐसे में वाहनों की लम्बी कतारें लगने से वाहन चालक परेशान रहे। विवाद भी हुए।
पत्रिका ने इस तरह की शिकायतें मिलने पर एक वाहन चालक की मदद से रूणेचा टोल नाका से लेकर नाल तक बीच में पड़ने वाले चारों टोल नाकों को देखा। हैरान करने वाले हालात मिले कि रामदेवरा यात्रियों को टोल नाकों पर अतिरिक्त सुविधाएं तो दूर, आम दिनों में मिलने वाली सुविधा से भी वंचित कर रखा है। बीकानेर से रूणेचा के बीच करीब 200 किलोमीटर मार्ग में से करीब 60 किलोमीटर मार्ग पर सड़क रिपेयरिंग के लिए खुरच रखी है। जहां से वाहन हिचकोले खाते गुजरते हैं। टोल नाकों पर दो से तीन लेन को बंद कर रखा है। इससे वाहनों की कतारें लग रही हैं।
यहां पर दोपहर 3 बजे के हालात। पांच मिनट तक कतार में लगे रहे, लेकिन टोल को पार नहीं कर पाए। यहां पर चार में से दो लेन को बंद कर रखा है। दोनों तरफ ऐसा करने से वाहनों का दबाव दो लेन पर आया हुआ है। कोई सुनवाई करने वाला नहीं, कतार में लगे वाहन हॉर्न बजा रहे हैं, लेकिन कोई टोल कर्मी नहीं है।
बाप टोल नाका पर पहुंचे, तो यहां चार में से दो लेन बंद मिलीं। करीब पांच मिनट तक वाहनों की लाइन में इंतजार करते रहे। हॉर्न बजाने पर भी कोई टोलकर्मी व्यवस्था को ठीक करने नहीं आया। करीब दस मिनट में यह टोल नाका पार कर पाए।
कोलायत क्षेत्र के नोखड़ा टोल नाका पर पहुंचे, तो यहां हालात और भी ज्यादा खराब मिले। पांच में से तीन लेन बंद मिलीं। यहां भी केवल एक लेन से छोटे-बड़े सभी वाहन गुजरते मिले। वाहनों की कतारें यहां भी दिन में कई बार लगने की जानकारी मिली।
गजनेर टोल पर तो करीब 20 ट्रक लाइन में खड़े बारी आने का इंतजार करते मिले। यहां पर भी चार में से दो लेन बंद मिली। एक से ट्रक व भारी वाहन गुजर रहे थे, जबकि दूसरी लेन से कारें गुजर रही थीं। यहां पता चला कि मंगलवार सुबह तो टोल नाका कर्मियों ने बिजली नहीं होने से मशीन नहीं चलने की बात कहकर वाहन चालकों से फास्ट टैग की जगह नकद राशि टोल की वसूली।
सुधीश शर्मा, निवासी बीकानेर
एनएचएआई बीकानेर व जैसलमेर प्रशासन की उदासीनता से बाबा रामदेव मेला यात्रियों के लिए हाइवे से गुजरना परेशानी का सबब बना हुआ है। बीकानेर से रामदेवरा आवागमन के लिए नेशनल हाइवे टोल वसूल कर रहा है। वाहनों का दबाव बढ़ने पर इस मार्ग के सभी नाकों पर रिज़र्व लेन को भी खोल दिया जाना चाहिए था। परन्तु पूरे रास्ते यात्रा में दोनों तरफ 4-4 में से 2-2 लेन तो बंद मिलीं ही। एक जगह तो तीन-तीन लेन को बंद कर रखा है। वाहनों की कतारें लगने से दिनभर लोग परेशान हो रहे हैं। सर्वर स्लो काम कर रहा है। ऐसे में टोल कटने और बेरियर हटने में काफी टाइम लगने से वाहनों के गुजरने में पांच से दस मिनट लग रहे हैं। टोल ऑटोमैटिक होने से इनके बूथों पर कर्मचारी नहीं हैं।
बीकानेर-रामदेवरा मार्ग पर सड़क को 100-100 मीटर की दूरी पर खुरच रखा है। बरसात के कारण ग्रीट पर वाहन फिसल भी रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि यह सड़क रिपेयरिंग के लिए इस समय कार्य क्यों शुरू किया गया है। जब वाहनों का भार इस मार्ग पर ज्यादा है।ऐसा करना गलत, तुरंत करेंगे ठीकरामदेवरा मेले के चलते नेशनल हाइवे पर वाहनों का दबाव कई गुणा हो गया है। ऐसे में टोल नाकों पर अतिरिक्त व्यवस्था होनी चाहिए। लेन बंद करना गलत है। इसे खुद मौके पर जाकर शुरू कराया जाएगा। सड़क मरम्मत कार्य गलत समय शुरू कर दिया है। इसे भी अब मेले तक रोका जाएगा।
पीयूष रंजन यदुवंशी, प्राजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई बीकानेर
Published on:
11 Sept 2024 05:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
