26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एसआइ स्तर के पुलिस थाने में तैनात नहीं होगा सीआइ

प्रदेश के कई थाने उपनिरीक्षक स्तर के होने के बावजूद उनमें पुलिस निरीक्षक तैनात किए जा रहे हैं, लेकिन अब एेसा नहीं हो सकेगा। उपनिरीक्षक स्तर के थाने में पुलिस निरीक्षक तैनात करने की ठोस वजह बतानी होगी और तैनाती से पहले मुख्यालय से स्वीकृति लेनी पड़ेगी।
2 min read
Google source verification
police station

police station

जयप्रकाश गहलोत/बीकानेर. प्रदेश के कई थाने उपनिरीक्षक स्तर के होने के बावजूद उनमें पुलिस निरीक्षक तैनात किए जा रहे हैं, लेकिन अब एेसा नहीं हो सकेगा। उपनिरीक्षक स्तर के थाने में पुलिस निरीक्षक तैनात करने की ठोस वजह बतानी होगी और तैनाती से पहले मुख्यालय से स्वीकृति लेनी पड़ेगी।

पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने 18 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर उपनिरीक्षक स्तर के थानों में पुलिस निरीक्षक तैनात नहीं करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक डॉ. बीएल मीना ने संभाग के चारों पुलिस अधीक्षकों को इसके लिए आदेश दिया है। बीकानेर पुलिस अधीक्षक ने जिले के तीन थानों में पुलिस निरीक्षक तैनात करने की अनुमति मांगी है। इसके लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भिजवाया है।


तीन थाने हुए क्रमोन्नत
जिले के तीन थाने जेएनवीसी, गंगाशहर और लूणकरनसर करीब ढाई साल पहले ही क्रमोन्नत हुए थे। ये थाने पहले उपनिरीक्षक स्तर के थे, लेकिन इनके क्षेत्र और दर्ज होने वाले आपराधिक मामले के मद्देनजर इनको क्रमोन्नत कर पुलिस निरीक्षक स्तर का थाना बनाने के प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया था। मुख्यालय ने वर्ष 2017 में इन तीनों थानों को पुलिस निरीक्षक स्तर का किया था। अब बीछवाल, नोखा और सिटी कोतवाली थाने को क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव भेजे गए हैं।

आपराधिक मामले नोखा में ज्यादा दर्ज
आपराधिक मामले दर्ज होने में बीछवाल, सिटी कोतवाली में से नोखा अव्वल है। नोखा में हर साल पांच सौ से अधिक मामले दर्ज होते हैं। वहीं सिटी कोतवाली के तीन साल के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो महज 2016 में ही आपराधिक मामले दर्ज होने का आंकड़ा सवा सौ को छू पाया। वहीं बीछवाल थाने में पौने तीन सौ मामले दर्ज होते हैं।


थानों में दर्ज मामले
कोतवाली थाना
वर्ष मामले
2016 126
2017 118
2018 108
बीछवाल थाना
2016 262
2017 249
2018 269
नोखा थाना
2016 656
2017 531
2018 517

अभी हो रहा यह
अभी तक उपनिरीक्षक स्तर के थानों में भी पुलिस निरीक्षक तैनात कर दिया जाता था। जिले का नोखा, बीछवाल और सिटी कोतवाली थाना उपनिरीक्षक रैंक का है। वर्तमान में नोखा और बीछवाल थाने में पुलिस निरीक्षक तैनात हैं, जबकि सिटी कोतवाली में उपनिरीक्षक को जिम्मा दिया हुआ है। हालांकि नोखा व बीछवाल थानों में तैनात निरीक्षकों के वेतन आहरण संबंधी कार्य पुलिस लाइन से ही हो रहे हैं।

मांगी गई है इजाजत
&नोखा, बीछवाल और सिटी कोतवाली थानों में पुलिस निरीक्षक स्तर का अधिकारी तैनात करना जरूरी है। नोखा में आपराधिक घटनाएं ज्यादा होती हैं। बीछवाल का क्षेत्र काफी संवदेनशील है, जिसमें जेल, बीएसएफ, रेलवे स्टेशन आदि आते हैं। सिटी कोतवाली में आपराधिक मामले भले ही कम दर्ज होते हैं, लेकिन क्षेत्र काफी संवेदनशील है। इसलिए यहां अनुभवी अधिकारी की तैनाती जरूरी है। इन तीन थानों में पुलिस निरीक्षक तैनात करने की डीजीपी से अनुमति मांगी गई है।
प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक