बीकानेर . स्वतंत्रता सेनानी दाऊलाल व्यास का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ भाटोलाई स्थित श्मशान गृह में अंतिम संस्कार किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आईजी विपिन कुमार पाण्डे तथा जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने व्यास के मोहता चौक स्थित आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
इससे पूर्व व्यास का पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान के बाहर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। यहां से उनकी अंतिम यात्रा भाटोलाई स्थित श्मसान गृह पहुंची। जहां पूर्ण राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र बृजगोपाल व्यास ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण हर्ष, पूर्व मंत्री डॉ बी. डी. कल्ला, अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा, पार्षद शिवकुमार रंगा, जर्नादन कल्ला, पूर्व सभापति चतुर्भुज व्यास, यूआईटी के पूर्व चेयरमैन मकसूद अहमद सहित बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे।