26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैंगस्टर अंकित भादू के तीन गुर्गे बीकानेर में दबोचे

प्रदेश के गैंगस्टर अंकित भादू के तीन गुर्गों को बीकानेर पुलिस ने शुक्रवार देर रात हथियार सहित दबोच लिया। शहर के तीन थानों की पुलिस ने तीनों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्ज से तीन पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए।
2 min read
Google source verification
gangster

gangster

बीकानेर. प्रदेश के गैंगस्टर अंकित भादू के तीन गुर्गों को बीकानेर पुलिस ने शुक्रवार देर रात हथियार सहित दबोच लिया। शहर के तीन थानों की पुलिस ने तीनों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्ज से तीन पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए।


पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि भादू के गुर्गे सुनील पंडित, स्वरूपनाथ व जितेन्द्रसिंह के पास हथियार की सूचना मिली थी और वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इस पर सदर थाना उपनिरीक्षक गौरव खिडिय़ा, नयाशहर थाना के प्रशिक्षु आरपीएस परवेन्द्रसिंह एवं जेएनवीसी थाने के उपनिरीक्षक रामप्रताप के नेतृत्व में एक-एक टीम गठित कर थाना क्षेत्रों में भेजा गया।


एक-एक कर पकड़े गए
सदर थाने के उपनिरीक्षक खिडिय़ा ने एमएन हॉस्पिटल के पास से नत्थूसर गेट के लालीबाई बगीची निवासी सुनील पंडित पुत्र पेमाराम ब्राह्मण को दबोचा। उसके पास से एक मैग्जीन व सात कारतूस मिले। नयाशहर थाना के प्रशिक्षु आरपीएस परवेन्द्रसिंह व उनकी टीम ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी अग्निशमन केन्द्र चौराहे के पास से नत्थूसर बास कुएं के पीछे रहने वाले स्वरूपनाथ पुत्र तनसुख नाथ को पकड़ा।

उसके पास से एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए। इसी प्रकार जेएनवीसी थाने के उपनिरीक्षक रामप्रताप ने शिवबाड़ी स्थित शिव मंदिर के सामने से जितेन्द्र सिंह पुत्र छगनसिंह राजपूत को दबोचा। उसके पास से एक रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई।


अंकित का पंजाब में हुआ था एनकाउंटर
गैंगस्टर अंकित भादू पंजाब के फाजिलका का रहने वाला था। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गु्रप का शार्प शूटर था। इस पर श्रीगंगानगर, चूरू व सीकर सहित प्रदेश में कई जगह हत्या, लूट और फायरिंग के 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुवार को पंजाब और राजस्थान पुलिस ने पंजाब के पीर मुन्छला में उसे एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।


तीनों गुर्गे कर सकते थे बड़ी वारदात
पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इनके पास अवैध हथियार की सूचना गुरुवार रात को ही मिली। तभी अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की धरपकड़ की गई। आरोपी रात में हथियारों के साथ घूम रहे थे। हथियार कहां से लाए, इसकी जांच की जा रही है।