मोमासर से डकैती कर भागे बदमाश। सीकर में पुलिस से मुठभेड़। एक की मौत। तीन को 18 घंटे बाद दबोचा। सीकर, चूरू व बीकानेर सर्च ऑपरेशन जारी। अभी भी तीन बदमाश फरार
बीकानेर. बीकानेर के मोमासर से छह ज्वैलर्स की दुकानों को लूटकर भाग रहे डकैतों की रामगढ़ शेखावाटी इलाके में गुरुवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हुई। इसमें एक डकैत की मौत हो गई। जबकि पांच अंधेरे का फायदा उठाकर हाइवे पर गाड़ी छोड़कर जंगलों में फरार हो गए। इस मामले में सीकर, चूरू व बीकानेर पुलिस ने जंगलों में दिनभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। रात लगभग दस बजे पुलिस ने एक बदमाश को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो को ट्रक में भागते हुए पकड़ा है। अभी भी तीन बदमाश फरार है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बदमाश का शव उनकी गाड़ी में तलाशी के दौरान मिला है। मुठभेड़ में मारे गए डकैत की पहचान सीकर जिले के अजीतगढ़ क्षेत्र के सांवलपुरा शेखावतान गांव निवासी सुरेश मीणा (37) के रुप में हुई है।पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में 18 से अधिक मामले दर्ज है। मुठभेड़ से पहले बदमाशों ने कई जगह नाकाबंदी तोड़ी और पुलिस को चकमा दे गए थे।
एक को जंगल से पकड़ा, उसके जबड़े में लगी गोली
तीन जिलों की पुलिस को लगभग 18 घंटे बाद डकैती मामले में सफलता मिली। पुलिस ने शुक्रवार रात लगभग दस बजे डकैत वीरेंद्र मीणा, अनिल सैनी व विजय को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात करीब पौने नो बजे ढांढ़ण बीड़ से डकैत रविन्द्र उर्फ रवि मीणा पुत्र चौथमल निवासी रामसागर की ढाणी रामपुरा ब्यौर अजीतगढ़ को बीहड़ से गिरफ्तार किया है। 30 वर्षीय डकैत रविन्द्र मीणा निवासी अजीतगढ़ के जबड़े में चोट गोली लगी हुई है और वह गंभीर घायल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कैंपर गाड़ी में दो बैग में सोना-चांदी के गहने व एक पिस्टल छोड़ भागे थे।
50 किमी जंगलों में भागे फिर ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट ली
डकैत अनिल सैनी व विजय रामगढ़ शेखावाटी से पैदल रतन नगर पहुंच गए। रतन नगर से बाइपास से ट्रक में बैठकर भागने की फिराक में थे। पुलिस टीमों ने जगह-जगह पूछताछ की तो लोगों ने बताया कि दो संदिग्ध लोग एक ट्रक ड्राइवर से लिफ्ट लेकर ट्रक की कैबिन में बैठ गए। इस पर पुलिस ने ट्रकों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। फतेहपुर के फदनपुर स्टेंड के पास से आरोपी अनिल सैनी निवासी खेतड़ी मोड़ व विजय निवासी माधोगढ़ खेतड़ी झुंझुनूं क्षेत्र को ग्रामीणों की निशानादेही पर एक ट्रक को रुकवा कर उसकी केबिन से गिरफ्तार किया। आरोपी ट्रक में बैठकर फतेहपुर की ओर जा रहे थे। दोनों आरोपी करीब 50 किलोमीटर जंगल में छुपताछुपाते दिनभर भागते रहे और अंत में एक ट्रक में बैठने में सफल हो गए।
---------------