
बीकानेर. देश की आजादी के समय बना आजाद क्लब विगत 78 वर्षों से खेलकूद गतिविधियों का प्रमुख केन्द्र बना हुआ है। देश की आजादी के तुरंत बाद बना यह क्लब संभवत शहर का सबसे पुराना क्लब है जो आठ दशकों से अपने उद्देश्य युवाओं के सर्वांगिण विकास को पूरा करने में जुटा हुआ है। हालांकि बीते दशकों में कई उतार-चढ़ाव और आर्थिक संकट भी उत्पन्न हुए, लेकिन क्लब से जुड़े लोगों ने खेल गतिविधियों को अनवरत जारी रखा। इसका परिणाम यह रहा कि भीनासर में आजाद क्लब के खेल मैदान से तैयार हुए अनेक खिलाडि़यों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखाया।
अभ्यास ही नहीं प्रतियोगिताएं भी हुई
आजाद क्लब के अध्यक्ष हरि किशन सुथार के अनुसार आजाद क्लब के स्वयं के खेल मैदान पर न केवल दशकों से नियमित खेल अभ्यास चल रहा है बल्कि समय-समय पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हो चुका है। सुथार के अनुसार आजाद क्लब के खेल मैदान पर वॉलीबॉल खेल प्रमुख रहा है। वहीं शारीरिक व्यायाम, क्रिकेट, फुटबॉल आदि खेलों का भी केन्द्र है।
स्वयं की 19481 वर्ग फीट जमीन
क्लब से जुड़े रहे भंवर लाल सुथार के अनुसार आजाद क्लब की स्वयं के नाम पट्टेशुदा जमीन है। रियायती दर पर क्लब को वर्ष 1961 में आवंटित हुई थी। क्लब की ओर से इस जमीन को उस समय 608 रुपए साढ़े बाराना में खरीदी गई थी। इस जमीन का पट्टा 31 नवंबर 1961 को जारी हुआ था।
शुरूआती वर्षों में ये रहे जुड़े
वर्ष 1947 में स्थापित हुए आजाद क्लब से दर्जनों खिलाड़ी, भामाशाह और सेवाभावी लोग जुड़े रहे है। अध्यक्ष के अनुसार क्लब से शुरूआती वर्षों में जुडे रहे सदस्यों में मांगीलाल मल, पन्ना लाल खत्री, शिव किशन मूंधड़ा, भंवर लाल सुथार, बाल मुकुंद शर्मा, राम रतन पडि़हार, मेघराज भाटी, फूलचंद बैद, ज्ञानी राम सेठिया, कुंदन मल बैद, लहर चंद सेठिया, पन्ना लाल कोचर सहित अनेक लोग शामिल रहे। वर्तमान में तीसरी पीढ़ी के युवा लोग क्लब से जुड़े हुए है, जो क्लब परिसर की देखभाल सहित खेल गतिविधयों को जारी रखे हुए है।
कोलकाता में हुआ चैरिटी शो
क्लब के अध्यक्ष रहे फूलचंद बैद के अनुसार क्लब की आर्थिक मजबूती के लिए करीब छह दशक पहले कोलकाता के ग्रेस सिनेमा में चैरिटी शो का भी आयोजन हुआ। यह चैरिटी शो आजाद क्लब के सहायतार्थ हुआ था। उस समय के भामाशाह फतेहपुर के सोहन लाल दूगड़ ने पांच हजार रुपए क्लब के विकास के लिए दिए थे। वहीं पांच हजार रुपए की राशि विज्ञापन व अन्य गतिविधियों से प्राप्त हुई थी। वर्तमान में क्लब परिसर में तीन कमरे है, जिनमें से दो कमरे किराये पर है। इनसे प्राप्त राशि से क्लब परिसर की देखभाल व मरम्मत, खेल गतिविधियां संचालित की जा रही है।
क्लब को आवंटित हो खुला परिसर
आजाद क्लब के आगे खुली जमीन है। क्लब से जुड़े महेन्द्र नागल व भवानी शंकर पडि़हार के अनुसार यह जमीन रियायती दरों पर क्लब को आवंटित करने की मांग वर्षों से की जा रही है।शासन-प्रशासन इस मांग को अनसुनी किए हुए है। इस खाली जमीन पर यहां आने वाले खिलाडि़यों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग सहित अन्य खेल गतिविधियां, इंडोर खेल सुविधाएं खिलाडि़यों को उपलब्ध करवाई जा सकती है।
Updated on:
29 Aug 2024 11:23 pm
Published on:
29 Aug 2024 11:22 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
