वर्ष 2019 से पहले राज्य शासन ने नगर निगम में तिफरा नगर पालिका परिषद, सकरी व सिरगिट्टी नगर पंचायत समेत 15 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। इसमें सरकंडा अरपा पारा चिल्हाटी ग्राम पंचायत को शामिल कर वार्ड नंबर 47 पंडित राम गोपाल तिवारी नगर बनाया गया था। चिल्हाटी क्षेत्र में ग्राम पंचायत कार्यकाल के समय से सड़क का निर्माण नहीं हुआ था। यहां रहने वालों के लिए विद्युत की व्यवस्था तो की गई थी, लेकिन सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं थी। पेयजल के लिए ग्राम पंचायत की ओर से 15 वर्ष पूर्व पाइप लाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसे पानी की टंकी से जोड़े नहीं होन के कारण यहां टेप नल शुरू नहीं हो सका था। नगर निगम में शामिल होने के बाद यहां रहने वालों को लगा था कि अब उनकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा, लेकिन साढ़े 3 वर्ष से नगर निगम में शामिल रहने के बाद भी यहां बुनियादी सुविधाएं लोगों को नहीं मिल पाई है।
नल से आ रहा दूषित जल, टेंकर से सप्लाई
वार्ड में रहने वाले योगेश यादव ने बताया कि गांव में गिने चुने हैंडपंप हैं यहां रहने वाले निस्तारी के लिए इसी हैंड पंप का उपयोग करते हैं। गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद से हैंड पंप से दूषित जल आने की शिकायत निगम अधिकारियों से की गई थी। जोन कार्यालय से प्रतिदिन वार्ड वासियों के लिए पानी का टेंकर दोपहर के समय भेजा जाता है। इसी के भरोसे लोगों को पीने का पानी मिल रहा है।
टेंकर नहीं आता तो पीना पड़ता है हैंड पंप का पानी
गांव में रहने वाली लक्ष्मीन बाई ने बताया कि गांव में करीब 3 हैंड पंप हैं और तीनों में दूषित जल आ रहा है। टेंकर जिस दिन नहीं आता उस दिन लोगों को हैंड पंप के पानी को पीना पड़ता है। पंप में पाइप लाइन बढ़ाने के लिए कई बार निगर निगम अधिकारियों से मांग की जा चुकी है, लेकिन शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है।
सड़क ऐसी की हिचकोले खाए बिना नहीं चल सकते
चिल्हाटी में सभी कच्ची सड़क सड़कें हैं, जिसमें सिर्फ 40 एमएम गिट्टी और कुछ स्थानों पर बोल्डर और मुरूम डालकर कई वर्ष पूर्व बनाया गया था। लगातार आवागमन के कारण मार्ग पर गई जगह गड्ढ़ा हो गए हैं। यहां से गुजरने के दौरान लोगों को हिचकोले खाने पड़ते हैं।
इधर मंगला में आधे क्षेत्र में दो दिन रहा ब्लैक आउट
मंगला क्षेत्र भी निगम की सीमा में शामिल किया गया है, यहां भी बिजली, पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। पिछले दो दिन यहां ट्रांसफार्मर में खराबी आने से आधे क्षेत्र में बिजली गुल रही। इससे गर्मी से तो लोग परेशान हुए ही, पानी सप्लाई बाधित होने से एक-एक बूंद पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा।
बीएन सिटी में समस्याओं का अंबार
मंगला स्थित बीएन सिटी कॉलोनी यूं तो टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से मान्यता प्राप्त रेरा पंजीकृत कॉलोनी है। यहां के निवासी विभिन्न समस्याओं से परेशान हैं।
निवासी कमल श्रीवास्तव ने बताया कि बेहतर सुविधा की चाहत रखने वालों ने अपनी खून पसीने की कमाई लगा कर यहां अपने परिवार के लिए घर बनाया है। लेकिन यहां समस्यायों का अंबार है। कॉलोनी में कुछ लोगों ने मवेशी पाल रखे हैं। डेयरी व्यवसाय संचालित हो रहा है। डेयरी संचालक अपने मवेशियों को कॉलोनी में ही छोड़ देते हैं। मवेशी स्वच्छंद घूमते हैं। सड़कों पर गोबर का अंबार लगा रहता है। इसके अलावा अलावा खुली अव्यवस्थित नालियां, सिंगल बोरिंग से वाटर सप्लाई, कॉलोनी में पूरी तरह सुरक्षा दीवार का नहीं होना, सभी बिजली खंभों में केबल नहीं होना, सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था न होने के कारण आए दिन चोरी की घटनाए होती हैं। हाल ही में दो मकानों में चोरों का धावा हुआ है, रात्रि में स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से असुविधा होती है। लगातार शिकायत के बाद भी न तो पुलिस प्रशासन और न ही नगर निगम के संबंधित अधिकारी ही इस ओर ध्यान दे रहे।
जब चिल्हाटी ग्राम पंचायत था तब क्षेत्र के विधायक और सांसदों ने इस क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया। मैं कल चिल्हाटी जाकर वहां की समस्याओं को देखने के साथ उसके समाधान के लिए प्रयास करूंगा।
शेख नजीरूद्दीन, अध्यक्ष नगर निगम, बिलासपुर