
घायल मुर्गे को लेकर थाने पहुंची महिला
Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक अनोखा मामला प्रकाश में आया है। यहां एक महिला अपने घायल मुर्गे को लेकर थाने पहुंच गई। दरअसल महिला मुर्गे को थाने लेकर शिकायत करने के लिए पहुंची थी। उसने पडोसी पर यह आरोप लगाया कि उसने मुर्गे को चोरी कर लिया था। इसके बाद वह उसे काटकर मारने की तैयारी कर रहा था। महिला ने अपने पड़ोसी पर केस दर्ज करने की मांग की है। महिला की ऐसी शिकायत को सुनकर पुलिस भी आश्चर्यचकित रह गई। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के ग्राम सिल्दहा की रहने वाली जानकीबाई बिंझवार अपने मुर्गे को लेकर थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि वह देसी मुर्गा पालन करती है। उसने घर में बहुत से मुर्गें पाल रखे हैं। ये मुर्गे चरने के लिए इधर-उधर घूमते रहते हैं। महिला ने बताया कि पड़ोसी ने उन मुर्गों में से एक मुर्गे को चोरी कर घायल कर दिया। महिला और उसके पति ने पुलिस से पड़ोसी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला ने पकड़ा
थाने पहुंची महिला जानकीबाई ने यह आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी बुगल और दुर्गा ने साथ मिलकर मुर्गे को पकड़ा। इसके बाद वे उसे मारकर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी इस दौरान महिला ने उन्हें देख लिया। वह दौड़ते हुए उनके पास पहुंची। महिला ने मुर्गे को उनके हाथ से छुड़ाकर उसे वापस लाई।
उसका मुर्गा घायल हो गया है।
मामले की हो रही जांच
इस मामले को लेकर रतनपुर थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा ने बताया कि महिला अपने घायल मुर्गे को लेकर पडोसी के खिलाफ शिकायत करने के लिए थाने आई थी। महिला की शिकायत लेकर उसे समझाइश दी गई है। इस मामले में जांच की जा रही है।
Published on:
28 Feb 2023 02:20 pm

बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
