
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस का आधा हिस्सा बिका
Dharma Production: करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस में 50 प्रतिशत की हिस्सेदारी अदार पूनावाला की सेरेन प्रोडक्शंस खरीदने जा रही है। इसकी जानकारी आज यानी 21 अक्टूबर को कंपनी ने खुद दी है। बताया जा रहा है कि यह डील 1,000 करोड़ रुपए में होगी। इस डील को लेकर करण जौहर और अदार पूनावाला ने खुशी जाहिर की है।
करण जौहर और अदार पूनावाला के बीच हुई इस डील के बाद करण की धर्मा प्रोडक्शंस में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी बचेगी। फिलहाल करण के पास धर्मा की 90.7 प्रतिशत और उनकी मां हीरू के पास 9.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बता दें कि अदार पूनावाला के साथ इस कोलेबोरेशन के बाद भी करण जौहर कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयनमैन और अपूर्व मेहता CEO बने रहेंगे।
कोरोना वैक्सीन बनाने वाली दिग्गज कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के CEO और अरबपति कारोबारी अदार पूनावाला ने धर्मा प्रोडक्शंस का 50 प्रतिशत हिस्सा खरीदने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, "मैं अपने दोस्त करण जौहर के साथ हमारे देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस में से एक के साथ डील करके खुश हूं। हमें उम्मीद है कि हम धर्मा को और आगे बढ़ाएंगे और आने वाले वक्त में और भी अधिक ऊंचाइयों को छूएंगे।"
करण जौहर ने इस पार्टनरशिप के बारे में कहा, "शुरू से ही धर्मा प्रोडक्शंस को दिल छू लेने वाली कहानियों के लिए जाना जाता है, जो भारतीय संस्कृति को दर्शाता है। मेरे पिता ऐसी फिल्में बनाने का सपना देखते थे जो स्थायी प्रभाव छोड़ें और मैंने अपना करियर उनके उसी नजरिए को नई दिशा देने के लिए समर्पित किया है। मैं अपने दोस्त अदार के साथ जुड़कर धर्मा की विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तैयार हूं।"
Updated on:
21 Oct 2024, 6:30 PM IST
Published on:
21 Oct 2024, 1:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.