पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान ने अपने बचपन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में कहा है कि उनके पिता हिटलर की तरह थे और वो उन्हें पत्थरों से मारते थे। आइए जानते हैं उन्होंने बचपन में क्या सहा।
पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान हाल ही में अपने स्टूडेंट को चप्पल से पीटने को लेकर सुर्खियों में बने थे। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में वो अपने छात्र नवीद हसन की पिटाई करते हुए नजर आ रहे थे।
राहत ने खुद पर लगे आरोपों को नकारते हुए अपने स्टूडेंट से तुरंत माफी मांगने की बात एक वीडियो शेयर कर कही थी। बता दें कि वायरल वीडियो में दिख रहा था कि एक बोतल गायब होने के बाद वो अपने शिष्य की पिटाई कर देते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनको काफी ट्रोल होना पड़ा था।
अब मशहूर पाकिस्तानी सिंगर ने अपने बचपन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे।
माफी मांगने के बाद रोने लगा था शिष्य
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूट्यूबर अदील आसिफ के साथ पॉडकास्ट में राहत ने कहा कि “मैंने उससे तुरंत माफी मांगी। मेरे माफी मांगने के बाद वह रोने लगा और कहने लगा, 'उस्ताद जी आप ऐसा क्यों कर रहे हैं (माफी मांग रहे हैं)?”
राहत ने बताया कि पहले भी उन्होंने नवीद की आर्थिक मदद की है। उन्होंने कहा कि “मैंने उनके पिता के दिल के इलाज, उनकी बेटी के ऑपरेशन के लिए पैसे दिए है। यहां तक कि उनके परिवार की शादियों में भी मैंने उनकी मदद की है।''
बोतल में पवित्र जल था
राहत फतेह अली खान कहते हैं कि गायब बोतल में "पवित्र जल" था और इसका "आध्यात्मिक महत्व" है। उन्होंने कहा कि “लोग उस भावना की गहराई को नहीं समझ रहे हैं। यह मेरे लिए एक आध्यात्मिक बात है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी।''
मेरे पिता हिटलर जैसे थे
राहत फतेह अली खान ने पॉडकास्ट में अपने बचपन के बारे में भी बात की और कहा कि उनके पिता फारुख फतेह अली खान उन्हें बहुत पीटते थे। राहत ने याद करते और हंसते हुए कहा कि ''मेरे पिता मुझे बहुत मारते थे। वह हिटलर जैसे थे। अगर उन्हें कभी मेरी की गई किसी गलती के बारे में पता चलता तो वह मुझे पत्थर से मार देते। अगर कोई मुझे नहीं बचाता तो मैं एक बड़े पत्थर से मारा जाता।”
उस्ताद नुसरत फतेह अली खान बहुत सख्त थे
उसी पॉडकास्ट में जब उनसे पूछा गया कि क्या एक छात्र के रूप में उन्हें कभी पीटा गया था? तो उन्होंने कहा कि वह ऐसी परिस्थिति में रह चुके हैं। हालांकि उन्होंने अपने उस्ताद का नाम नहीं लिया। राहत मशहूर नुसरत फतेह अली खान के छात्रों में से एक थे और उन्होंने कहा कि कव्वाली गायक बहुत "सख्त" थे। “उस्ताद नुसरत फ़तेह अली खान बहुत सख्त थे। वह बस एक नजर देख लेते थे और सामने वाले को पता चल जाता था कि उन्हें कोई बुरी खबर मिलने वाली है। जब संगीत की बात आती है तो मैंने कभी किसी को उनके जैसा सख्त नहीं देखा।”