
शाहरुख शान 'मन्नत' (फोटो सोर्स- Instagram/ iamsrk)
Shahrukh Khan Mannat Renovation: मुंबई के बांद्रा स्थित शाहरुख खान का बंगला 'मन्नत' सिर्फ एक आलीशान घर नहीं, बल्कि बॉलीवुड की सबसे चर्चित प्रॉपर्टीज में से एक है। समुद्र के किनारे मौजूद इस घर को लेकर फैंस की दिलचस्पी हमेशा बनी रहती है। अब मन्नत एक बार फिर बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। प्रोड्यूसर आनंद पंडित ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में शाहरुख खान की इस प्रॉपर्टी में चल रहे काम से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है।
आनंद पंडित के मुताबिक, मन्नत के पीछे वाले हिस्से में कुछ नए फ्लोर जोड़े जा रहे हैं। शाहरुख खान ने बंगले में दो अतिरिक्त मंजिलें बनाने की अनुमति के लिए आवेदन किया है। प्रस्तावित विस्तार से घर का निर्मित क्षेत्र करीब 616.02 वर्ग मीटर बढ़ सकता है और इस काम की अनुमानित लागत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मन्नत एक हेरिटेज प्रॉपर्टी है और समुद्र के बेहद करीब स्थित है। ऐसे में इसमें किसी भी तरह का स्ट्रक्चरल बदलाव करने के लिए संबंधित अथॉरिटीज की मंजूरी जरूरी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी वजह से वर्टिकल एक्सटेंशन के लिए महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी से अनुमति मांगी गई है।
मन्नत में निर्माण कार्य चलने के कारण शाहरुख खान, गौरी खान और उनके बच्चे आर्यन, सुहाना और अबराम फिलहाल बांद्रा के पाली हिल इलाके में किराए के आलीशान डुप्लेक्स अपार्टमेंट में रह रहे हैं। ये प्रॉपर्टी प्रोड्यूसर वाशु भगनानी की बताई जाती है।
मन्नत की कहानी शाहरुख खान के घर खरीदने से काफी पहले शुरू हो चुकी थी। शाहरुख ने साल 2001 में बांद्रा के बैंडस्टैंड इलाके में स्थित इस बंगले को खरीदा था। उस समय इसका नाम ‘विला वियना’ बताया जाता था। खरीद के बाद शाहरुख और गौरी खान ने इसे परिवार की जरूरतों और अपनी पसंद के मुताबिक धीरे-धीरे नया रूप देना शुरू किया।
यह मूल इमारत हेरिटेज वास्तुकला के लिए जानी जाती थी। बाद के वर्षों में पुराने हिस्से की खूबसूरती को बरकरार रखते हुए घर में आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गईं।
मन्नत के इंटीरियर को तैयार करने में गौरी खान की अहम भूमिका रही है। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, घर के डिजाइन पर लंबे समय तक काम हुआ। पुराने हेरिटेज हिस्से के साथ एक बड़ा एनेक्स भी तैयार किया गया, जिसमें बेडरूम, निजी स्पेस, लिफ्ट, टैरेस, गार्डन और मनोरंजन के लिए बड़े कमरे शामिल किए गए।
मन्नत के अंदरूनी हिस्सों में क्लासिकल डिजाइन के साथ आधुनिक सजावट और भारतीय कला का मिश्रण देखने को मिलता है। यही वजह है कि यह घर अक्सर सेलिब्रिटीज की सबसे चर्चित प्रॉपर्टीज में गिना जाता है।
मन्नत में बदलाव सिर्फ बाहरी हिस्सों तक सीमित नहीं रहे। आर्यन खान के लिए तैयार किए गए हिस्से में भी समय के साथ बदलाव किए गए। एक समय वहां बॉक्सिंग रिंग तक मौजूद होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में आर्यन के विदेश में पढ़ाई के लिए जाने के बाद उस हिस्से को नए तरीके से डिजाइन किया गया।
उस दौरान फ्लोरिंग में भी बदलाव हुआ और लकड़ी की ठोस फ्लोरिंग लगाई गई। बताया जाता है कि आर्यन ने अपने निजी स्पेस के डिजाइन को लेकर कई फैसले खुद लिए थे, जबकि बाकी डिजाइन को लेकर गौरी खान की राय भी शामिल रही।
मन्नत के अलावा आनंद पंडित ने शाहरुख की एक दूसरी प्रॉपर्टी का भी जिक्र किया। यह वही अपार्टमेंट है जिसे शाहरुख ने दिल्ली से मुंबई आने और 1991 में गौरी से शादी के बाद खरीदा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख आज भी इस फ्लैट के मालिक हैं, हालांकि 2001 में मन्नत में शिफ्ट होने के बाद इसे किराए पर दे दिया गया।
बांद्रा की इस समुद्र के करीब स्थित प्रॉपर्टी का भी पुनर्विकास हो रहा है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नया अपार्टमेंट 2027 तक तैयार हो सकता है। यानी शाहरुख खान की प्रॉपर्टीज में बदलाव का सिलसिला अभी थमा नहीं है।
फिलहाल मन्नत में चल रहा विस्तार इसलिए खास है क्योंकि यह घर पहले से ही मुंबई की पहचान का हिस्सा बन चुका है। अब नई मंजिलें जुड़ने के बाद मन्नत का आकार और सुविधाएं किस तरह बदलती हैं, इस पर फैंस की नजर बनी हुई है। वहीं शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाले हैं।
Updated on:
24 Aug 2026 01:46 pm
Published on:
24 Aug 2026 01:43 pm
