
Sooraj Pancholi Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सूरज पंचोली अपनी अपकमिंग फिल्म 'केसरी वीर: लीजेंड ऑफ सोमनाथ' की शूटिंग कर रहे थे। लेकिन एक विस्फोट के दौरान एक्टर आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी जांघ झुलस गई।
एक सूत्र ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मुंबई के फिल्म सिटी में चल रही है, जिसमें एक्शन निर्देशक ने सूरज को एक स्टंट करने का निर्देश दिया। सीन के अनुसार, उन्हें एक पायरोटेक्निक विस्फोट के ऊपर से कूदना था। हालांकि, विस्फोट शूट के समय से थोड़ा पहले हो गया, जिसकी चपेट में अभिनेता आ गए। इस्तेमाल किए गए बारूद के कारण, उनकी जांघ और हैमस्ट्रिंग पर गंभीर जलन हुई।
फिल्म में सूरज पंचोली मुख्य भूमिका में हैं और वह वीर हमीरजी गोहिल का किरदार निभा रहे हैं। यह उनकी पहली बायोपिक है। ‘केसरी वीर’ फिल्म गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में हुए युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती है। एक्शन-थ्रिलर में अभिनेता अलग अंदाज में नजर आएंगे।
इस ऐतिहासिक फिल्म में सुनील शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में ओबेरॉय नकारात्मक भूमिका निभाते नजर आएंगे।
जानकारी के अनुसार, अभिनेता की स्थिति पर नजर रखने और उन्हें जल्दी ठीक होने में मदद करने के लिए सेट पर एक मेडिकल टीम मौजूद थी ताकि वह शूटिंग जारी रख सकें। सूत्र ने बताया कि पायरोटेक्निक विस्फोट से होने वाले तेज दर्द और जलन के बावजूद, अभिनेता ने ब्रेक लेने से इंकार कर दिया और पूरे शेड्यूल के दौरान शूटिंग जारी रखी।
बता दें सूरज पंचोली अभिनेता आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के बेटे हैं। सूरज ने साल 2015 में रिलीज हुई रोमांटिक-एक्शन फिल्म ‘हीरो’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म में सूरज के साथ मुख्य भूमिका में अथिया शेट्टी नजर आई थीं।
फिलहाल एक्टर की चोट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Updated on:
04 Feb 2025 04:22 pm
Published on:
04 Feb 2025 04:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
