
स्टेट हाइवे पर पुलिया का टीयर टूटा
स्टेट हाइवे पर पुलिया का टीयर टूटा
देई. खटकड़. स्टेट हाइवे 34 नैनवां बूंदी सडक़ मार्ग पर बांसखोळ के जंगल में घुमाव पर कुई के पास की पुलिया का सपोर्ट टियर टूट गया है। जिस पर आवागमन बंद कर दिया है। हालांकि टूटी पुलिया पर बूंदी डिपो की रोडवेज बस निकल गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सएन बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिया के नीचे के हिस्से का सपोर्ट टीयर टूट गया। ऐसे में आवागमन बंद कर दिया है। रोडवेज बस के ड्राइवर शेरसिंह ने बताया कि रोडवेज से इस बारे में कोई सूचना नहीं थी। इसलिए बस को निकाला गया। क्षेत्र में लगातार बरसात से माछली नदी की पुलिया, कुरचली की रपट आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चीपल्टा में पुलिया का पानी आने से विद्यालय रिकॉर्ड, आंगनबाड़ी का रिकॉर्ड, पाठ्य पुस्तकें, पोषाहार सामग्री खराब हो गए। मोडसा की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई। मोहब्बतपुरा में शोजी बंजारा का मकान लाम्बाबरड़ा में भंवरीबाई माली के नदी किनारे बना मकान ढह गया।
त्वरित समाधान की मांग
कापरेन. केशवरायपाटन व लाखेरी क्षेत्र में बारिश के बाद उपजे हालातों को देखते हुए क्षेत्र के लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता बलराम मालव के सानिध्य में ग्रामीणों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। पत्र में बताया कि कई कच्चे पक्के मकान ध्वस्त हो चुके है। इसके साथ ही अन्य नुकसानों के साथ ही फसलों को भी काफी क्षति पहुंची है।
उन्होंने समस्या का त्वरित समाधान करने की मांग की है। पत्र भेजने वालो में बाझडली निवासी मोडू लाल, रामसिंह हाड़ा, रामराज मीणा, बनवारी नागर, नन्दलाल आदि मौजूद थे।
Published on:
06 Aug 2021 07:53 pm
