चंडीगढ़। कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक चुनाव से पहले मतदाता सूचियों को लेकर छिड़ा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी हाईकमान द्वारा इस विवाद को सुलझाने के लिए भेजे गए वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की मौजूदगी में ही हुड्डा व तंवर समर्थकों ने हंगामा कर दिया। मिस्त्री व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बीच बचाव करके आज की कार्यवाही को आगे बढ़ाया।
हरियाणा कांग्रेस में पिछले कई दिनों से संगठनात्मक चुनावों को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच पूर्व मुख्यमंत्री
भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर अपने समर्थकों के माध्यम से आमने-सामने हैं। मतदाता सूचियों में फर्जीवाड़े के आरोप लगाकर दोनों गुट चुनाव प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप जैन की मौजूदगी में पहले भी भिड़ चुके हैं। कांग्रेस हाईकमान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री को विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी।