चेन्नई.
चेन्नई एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल पर रविवार अलसुबह नागपुर से चेन्नई पहुंचे एक 69 साल के यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और वे जमीन पर गिर गए। जिसे वहां खड़े सीआईएसएफ इंस्पेक्टर एडविन सैम और एसआई के. वैकुंठम ने तुरंत मदद पहुंचाई और उसकी जान बचा ली। जवान के इस शानदार काम से सीआईएसएफ डीआईजी केवीके श्रीराम भी खुश हैं और उन्होंने जवानों की तारीफ की।
जानकारी के अनुसार रविवार अलसुबह एक यात्री शेखर हासरा (69) नागपुर से चेन्नई आए। बाहर निकलते समय उनकी चाल धीमी पड़ गई और वे फर्श पर गिरने लगे। यह देख दोनों जवानों ने उन्हें संभाला और उन्हें सीपीआर दिया। मेडिकल टीम पहुंचने के बाद यात्री को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत में सुधार है। एयरपोर्ट पर हर वक्त जवान तैनात रहते हैं, जहां सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की मदद करने की कोशिश भी की जाती है।