कोडूनगैयूर में दुर्गा पूजा का हुआ आयोजन
श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में यहां कोडूनगैयूर में दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। दुर्गा पूजा समिति सचिव एस.पी. सिंह ने बताया कि महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महोत्सव में भाजपा की अन्य भाषा प्रकोष्ठ (ओएलसी) इकाई के तमिलनाडु प्रदेशाध्यक्ष के.पी.जयकुमार भी शामिल हुए तथा महोत्सव स्थल पर आरती की। भाजपा की अन्य भाषा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कपिलन भी उपस्थित थे। इस अवसर पर जयकुमार ने इस तरह के आयोजन की सराहना की। इससे लोगों में धर्म की भावना पैदा होती है। ऐसे आयोजन हमें जोड़ने का काम करते हैं।
करीब दो साल बाद फिर से दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। कोरोना महामारी के चलते दो साल बड़े आयोजन नहीं हो सके थे। दो साल छोटे स्तर पर आयोजन हुए थे और इस बार बड़े स्तर पर आयोजन हुआ। इस बार दुर्गा पूजा को लेकर शहरवासियों में काफी उत्सुकता नजर आई। इसके लिए विशेष पांडाल सजाए गए। इस बार अलग ही रौनक बिखरी। मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई। सजावट भी भक्तों के लिए आकर्षण का केन्द्र रही।
दुर्गा पूजा समिति सचिव एस.पी. सिंह ने बताया कि इस बार भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग परिवार के साथ पूजा में शामिल हुए। रोजाना भजन कीर्तन के आयोजन भी हुए। श्री रामभक्त महिला मंडल समेत अन्य मंडलों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अतिथियों का शॉल एवं माला से सम्मान किया गया।