
नगर पालिका में फार्म किए जा रहे जमा, सीएससी सेंटरों पर इंतजार में बैठी महिलाएं
छतरपुर. पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत फ्री में सिलाई मशीन व ट्रेनिंग पाने के लिए महिलाएं सीएससी सेंटरों में पहुंच रही है जहां पर साइट डाउन होने की समस्या होने से वह परेशान हैं। इसके लिए कुछ महिलाएं सुबह से लेकर शाम तक आवेदन कराने इंतजार कर रहीं हैं जब जाकर उनका फार्म ऑनलाइन हो पा रहा है। इसके बाद वह नगर पालिका में में लाइन में लगकर फार्म जमा कर रहीं हैं।
पीएम विश्वकर्मा योजना के १८ प्रकार के रोजगार के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इसमें महिलाओं द्वारा खासतौर से फ्री सिलाई मशीन पाने व ट्रेनिंग पाने के लिए आवेदन कर रहीं हैं। इसमें सबसे से पहले सीएससी सेंटरों से आवेदन किया जा रहा है इसके बाद उस फार्म को नगरीय निकायों में जमा किए जा रहे हैं। इसके बाद योजना के लिए वैरिफिकेशन होगा और जब सम्बंधित योजना के लिए चयन किया जाएगा। महिलाएं फ्री में सिलाई मशीन की योजना को लेकर फार्म भरने के लिए आ रही है और इस दौरान सेंटरों में साइट के बार-बार बंद होने और साइट डाउन होने की दिक्कतें आ रही हैं। नगर पालिका के पास सेंटरों में आवेदन करा रहीं महिला अनीता, प्रियंका, नंदनी आदि ने बताया कि वह तीन दिन से फार्म भरने के लिए सेंटर में आ रहे हैं और अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन साइट बार-बार बंद होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। सेंटर में काम कर रहे मनीष कुशवाहा ने बताया कि सुबह-सुबह साइट सही से काम करती है और ९-१० बजे के बाद काफी धीमी गति से चलती है जिससे बार-बाद साइट डाउन होने की दिक्कत आती है। बताया कि फार्म भरने में करीब ५ से १० मिनट ही लगता है, लेकिन साइट की गति धीमी होने व बंद होने से दुकान में महिलाओं की भीड़ लग जाती है। बताया कि सुबह करीब ७ बजे से महिलाओं का आना शुरू हो जाता है।
ये है योजना
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में आवेदन करने के बाद महिलाओं को फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी, और फ्री ट्रेनिंग के साथ-साथ रोजाना 500 भी मिलेंगे। ट्रेनिंग कंप्लीट होने के बाद महिलाओं को सिलाई मशीन व टूल्स खरीदने के लिए 15000 की राशि दी जाएगी। जिससे महिलाएं अपना सिलाई मशीन खरीदने के बाद सिलाई करके घर का खर्च संभाल सकें और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस योजना को शुरू किया गया है। अलग महिलाएं इस काम को बड़े रूप में करना चाहतीं हैं तो इसी योजना के तहत लोन भी ले सकेंगी। इस योजना में दर्जी का काम करने वाली व इस कार्य में रुचि रखने वाली महिलाओं को ही फार्म भरना चाहिए।
नहीं है पूरी जानकारी
नगर पालिका के पास सेंटर में फार्म भरा नहीं महिला में से कई को योजना की पूरी जानकारी नहीं हैं। न ही सेंटरों में जानकारी दी जा रही है। ऐसे में महिलाएं फार्म भरने की होड़ में लगी हैं और ऐसे में ही भीड़ बढ़ती जा रही है। यहां पर मौजूद कई महिलाओं का कहना है कि उन्हें पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन फार्म भरने के बाद कुछ न कुछ लाभ तो मिलेगा ही। वहीं अगर इन्हें योजना की सही जानकारी दी जाए तो इस भीड़ में काफी कमी आ सकती है।
Published on:
1 Mar 2024, 4:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.