
Firing on former Congress General Secretary case (Patrika.com)
Firing on former Congress General Secretary: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के पूर्व कांग्रेस महासचिव पर फायरिंग वाले मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। विक्रमपुर के पूर्व सरपंच और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव महुम सिंह उर्फ हल्के राजा पर जानलेवा हमला कर सरेआम गोलीबारी करने के सनसनीखेज मामले में छतरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो और मुख्य आरोपियों (शूटरों) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में पूर्व में ही दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जिसके बाद अब गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की कुल संख्या चार हो गई है। हालांकि, घटना का मुख्य नामजद आरोपी और साजिशकर्ता भाजपा (BJP) विधानसभा प्रभारी लोकपाल सिंह समेत अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस टीमों द्वारा सघन छानबीन और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के बाद जिन दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें सत्यम सिंह उर्फ सत्यम राजा पिता हाकिम सिंह बुंदेला (निवासी ग्राम विक्रमपुर, थाना राजनगर) और कपिल दुबे उर्फ आदि पिता दिवाकर द्विवेदी (मूल निवासी ग्राम हरिपुर जलालाबाद, थाना कैंट, जिला फैजाबाद/अयोध्या, हाल निवास ग्राम विक्रमपुर) शामिल हैं।
पुलिस ने इन दोनों अभियुक्तों के पास से वारदात के दौरान प्रयुक्त किए गए डंडे एवं बेसबॉल का बैट बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किया गया आरोपी सत्यम राजा बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास और एनडीपीएस (मादक पदार्थों की तस्करी) जैसे करीब 7 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, अयोध्या का रहने वाला आरोपी कपिल दुबे भी हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे 3 संगीन मुकदमों में लिप्त रहा है।
मामला 12 मई का है। चुनावी रंजिश के चलते विक्रमपुर के कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव व पूर्व सरपंच महम सिंह उर्फ हल्के राजा पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया था।महूम सिंह के परिवार एक विवाह समारोह था। जब वे छतरपुर से विक्रमपुर जा रहे थे, तभी राजनगर थाना क्षेत्र के इमलिया गांव के पास हमलावर तीन स्कॉर्पियो और एक अन्य फोर व्हीलर यानी कुल चार लग्जरी गाड़ियों ने उनका रास्ता रोका।
कार के रुकते ही आरोपियों ने लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से वाहन पर हमला कर उसके सारे कांच तोड़ दिए और कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। बचने के लिए महूम सिंह खेत की तरफ भागे लेकिन हमलवारों ने उन्हें पीछे से गोली मार दी। कांग्रेस नेता का जमीन पर गिरते ही हमलवारों ने उन्हें घेर लिया और उन्हें बेसबॉल बैट और लाठियों से तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि वे मरणासन्न और अचेत स्थिति में नहीं पहुंच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर पहाड़ी मेमारू गांव की ओर हवाई फायरिंग करते हुए और इलाके में दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गए। महूम सिंह का इलाज फिलहाल ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है।
Published on:
25 May 2026 09:21 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
