छतरपुर

जिले के एक लाख वाहनों पर 15 दिसंबर तक हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाना अनिवार्य

नंबर प्लेट लगवाने वाहन मालिक को संबंधित कंपनी के डीलर के पास लेकर जाना होंगे दस्तावेज, फीस भी लगेगी

2 min read
Nov 08, 2023
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय छतरपुर

छतरपुर. मध्यप्रदेश में दो पहिया, चार पहिया और व्यावसायिक समेत सभी पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाई जाएगी। परिवहन विभाग ने 2014 से 1 अप्रेल 19 के बीच के सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने की जिम्मेदारी वाहन डीलरों को सौंप दी है। इस नई व्यवस्था के चलते छतरपुर जिले में एक लाख से अधिक वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को अब हर वाहन पर लगवाना अनिवार्य हो गया है।

300 से 1000 तक आएगा खर्च
जिला परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि पुराने वाहनों पर 15 दिसंबर तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अनिवार्य किया गया है। वाहन मालिक को संबंधित कंपनी के डीलर के पास रजिस्ट्रेशन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज लेकर जाना होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा। इसके लिए दो पहिया वाहनों को 300 से 400 और चार पहिया वाहनों के लिए 800 से 1000 रुपए फीस देना होगी।

प्लेट में छेडछाड़ संभव नहीं
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट एक होलोग्राम स्टीकर होता है। जिसमें किसी भी गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर आदि की जानकारी होती है। इस नंबर को हाथ से नहीं बल्कि प्रेशर मशीन के जरिए लिखा जाता है। नए ट्रैफिक नियमों के तहत अब दो पहिया और चार पहिया दोनों बाहनों के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को अनिवार्य कर दिया गया है। हाई सिक्योरिटी प्लेट में किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना संभव नहीं होता है।

होलोग्राम वाली होगी नंबर प्लेट
यह प्लेट एल्युमीनियम की बनी हुई है और इस पर एक होलोग्राम है, जिस पर चक्र बना हुआ है। यह होलोग्राम एक प्रकार का स्टीकर है, जिस पर चेसिस नंबर होता है। इसके अलावा इस प्लेट पर सात अंकों का एक यूनिक लेजर कोड भी है, जो हर वाहन के नंबर प्लेट पर अलग-अलग होगा। सबसे खास बात यह है कि इस नंबर प्लेट पर आपका रजिस्ट्रेशन नंबर भी होगा जिसे आसानी से हटाया या मिटाया नहीं जा सकेगा।

वाहनों की चोरी में आएगी कमी
नंबर प्लेट डिजिटलीकरण होने से वाहन चोरी में कमी आएगी। देश भर में सभी वाहनों की नंबर प्लेट एक जैसी होंगी और कोई इसमें परिवर्तन नहीं कर सकेगा। गाड़ी की नंबर चोरी की आशंका भी कम हो जाएगी। जिससे सडक़ और वाहन से संबंधित अपराधों में कमी आएगी और हाई सिक्यूरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के जरिए अवैध नंबर प्लेटों की बिक्री पर रोक लगेगी। इसके अलावा गाडिय़ों से संबंधित पूरे डेटा का डिजिटलीकरण होने से काम में आसानी रहेगी।

Published on:
08 Nov 2023 11:41 am
Also Read
View All

अगली खबर