5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छतरपुर जिले के पचवारा और देवगांव टोल पर अब हर चक्कर में लगेगा 5 रुपए ज्यादा

  १ अप्रेल से महंगा होगा फोरलेन का सफर, पांच से सात प्रतिशत तक दाम बढ़ाने जा रहा एनएचएआइपचवारा में अब 75 की जगह 80 और देवगांव में 60 की जगह लगेंगे 65 रुपए

2 min read
Google source verification
जिले के दोनों प्लाजा पर बढ़ेगा शुल्क

जिले के दोनों प्लाजा पर बढ़ेगा शुल्क

छतरपुर। पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे की आशंकाओं के बीच अब टोल के दाम बढऩे जा रहे हैं। टोल में पांच से सात प्रतिशत तक की वृद्धि की जा सकती है। खासतौर पर मालवाहक वाहनों पर टोल का बोझ अधिक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। दरअसल हर साल टोल टैक्स की समीक्षा की जाती है, उसके आधार पर टोल का निर्धारण किया जाता है। एनएचएआइ ने इस बार एक अप्रेल से सभी रूटों पर टोल टैक्स बढ़ाने का निर्णय लिया है। महंगाई इंडेक्स के आधार पर टोल बढ़ाने की गणना व आंकलन किया जाता है। किस रूट पर कितना टोल बढ़ेगा, इसका निर्धारण 25 मार्च के बाद होगा, जो 1 अप्रेल से लागू किया जाएगा। हल्के वाहनों पर फिक्स टोल होगा, जबकि भारी वाहनों के लिए अलग-अलग टोल दरें तय की जाएंगी।

जिले के दोनों प्लाजा पर बढ़ेगा शुल्क
झांसी खजुराहो फोरलेन पर छतरपुर जिले में दो टोल प्लाजा है। छतरपुर और बमीठा के बीच देवगांव में और छतरपुर झांसी के बीच नौगांव के आगे पचवारा में टोल प्लाजा है। पचवारा टोल प्लाजा पर अभी कार का टोल शुल्क एक तरफ का 75 रुपए लगता है। जो 1 अप्रेल से 80 रुपए हो जाएगा। इसी तरह देवगांव टोल प्लाजा में एक तरफ का 60 रुपए लगता है, जो अब 65 रुपए हो जाएगा। इसी तरह खजुराहो से झांसी के बीच पडऩे वाले तीसरे टोल प्लाजा झांसी जिले के लुहारी में भी शुल्क बढ़ेगा। यहां भी 5 रुपए की बढोत्तरी होने जा रही है।

खजुराहो से झांसी तक 275 रुपए शुल्क की संभावना
झांसी से खजुराहो तक के 181 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाइवे पर तीन टोल प्लाजा बनाए गए हैं। तीनों टोल प्लाजा पर एक ओर से अभी 260 रुपए खर्च करने होते हैं। जबकि, 24 घंटे के भीतर दोनों ओर से आवागमन होने पर 395 रुपए का बोझ जेब पर आता है। 1 अप्रेल से नई दरें लागू होने के बाद एक तरफ से 275 रुपए का खर्च आएगा।


इन श्रेणी को नहीं देना होता है टोल टैक्स
दरअसल, 2010 तक सिर्फ 9 श्रेणी के लोगों को टोल टैक्स से छूट देने का प्रावधान था। इन श्रेणियों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सांसद, विधायक, केंद्र और राज्य सरकार के कुछ अधिकारी, शव वाहन, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा, सेना और पुलिस के वाहन शामिल थे। मगर अब छूट की श्रेणी वाले लोगों की संख्या 25 कर दी गई है। इस तरह 10 साल में नई श्रेणी बढ़ा दी गई हैं। इनमें हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट के जज, मैजिस्ट्रेट, गैजेटेड अधिकारी, सैन्य पदक विजेता, अर्धसैनिक बल और पुलिस और वर्दी में केंद्रीय और राज्य सशस्त्र बल, सेना के अधिकारी शामिल हैं।

फैक्ट फाइल
अभी ये है शुल्क की स्थिति
टोल नाका एक ओर का शुल्क दोनों ओर का एक साथ
लुहारी 125 190
पचवारा 75 115
देवगांव 60 90
योग 260 395

इनका कहना है
महंगाई इंडेक्स के आधार पर पूरे देश में टोल शुल्क का वित्तीय वर्ष में रिव्यू होता है। रिव्यू के आधार पर 5 से सात प्रतिशत तक टोल हमारे जिले में बढ़ सकता है। इसकी गणना की जा रही है। रेट तय होते ही सभी को सूचित किया जाएगा।
पीएल चौधरी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआइ

बड़ी खबरें

View All

छतरपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग