छिंदवाड़ा

Big news: कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित होगा सीएलसी छठवां चरण

विभाग ने जारी किया आदेश, 28 अगस्त से होगा पंजीयन

2 min read
First year Documents check in Government college



-


छिंदवाड़ा. उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए सीएलसी छठवां चरण आयोजित करने का निर्णय लिया है। विभाग ने दाखिले के लिए तिथिवार समय-सारणी भी जारी कर दी है। इस चरण में स्नातक प्रथम वर्ष एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए 28 अगस्त से 1 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकेगा। नवीन आवेदक पंजीयन करा सकेंगे। वहीं पहले से जिन्होंने पंजीयन करा लिया है वह प्रोफाइल अपडेट करेंगे। 29 अगस्त से 4 सितंबर तक दस्तावेजों के सत्यापन हो सकेंगे। 6 सितंबर को कॉलेजों द्वारा मेरिट सूची जारी की जाएगी। 12 सितंबर तक विद्यार्थियों के पास फीस जमा करने का मौका रहेगा। हालांकि दाखिला प्रक्रिया आगे बढ़ जाने से कॉलेजों में अध्यापन कार्य फिर से प्रभावित होगा। उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग ने प्रारंभ में कॉलेजों में दाखिले के लिए प्रथम चरण, सीएलसी प्रथम चरण, द्वितीय एवं तृतीय चरण आयोजित करने का निर्णय लेते हुए समय-सारणी जारी की थी। इसके बाद निर्णय में परिवर्तन करते हुए चतुर्थ एवं पांचवां चरण भी आयोजित किया गया और अब छठवें चरण के लिए समय-सारणी जारी कर दी गई है। 25 मई से प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कॉलेजों में अधिकतर प्राध्यापक इसी कार्य में लगे हुए हैं। जिससे अध्यापन व्यवस्था चरमरा गई है।


आज पीजी में दाखिले के लिए फीस जमा करने का अंतिम मौका
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए सीएलसी पांचवें चरण का आयोजन किया जा रहा है। इस चरण में स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए फीस जमा करने का रविवार को आखिरी मौका रहेगा। इसके पश्चात आवेदक विद्यार्थियों का सीट आवंटन पत्र रद्द कर दिया जाएगा। 29 अगस्त को अपग्रेडेशन से रिक्त स्थान पर गुणानुक्रम के आधार पर शेष आवेदकों को सीट आवंटन पत्र जारी होगा। इससे पहले शनिवार को सीएलसी पांचवें चरण के अंतर्गत स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि थी। देर रात तक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा किया।

Published on:
27 Aug 2023 01:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर