- कांग्रेस नेता के मकान की नपाई करने पहुंची निगम की टीम तो हुआ विवाद- शनिचरा क्षेत्र में हटाया गया अतिक्रमण- निगम के स्वीकृत नक्शे और मकान निर्माण की अनुमति दिखाई, तब दल लौटा
छिंदवाड़ा। शनिचरा बाजार में शुक्रवार को नगर निगम की टीम वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश साहू के निर्माणाधीन मकान की नपाई करने पहुंच गई और तुरंत निर्माण कार्य रोकने की बात कही। इस दौरान साहू ने अपने प्लॉट की रजिस्ट्री, निगम से स्वीकृत मकान निर्माण की अनुमति दिखाई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता भी पहुंच गए। बाद में साहू के तर्कों पर निगम की टीम को लौटना पड़ा। साहू ने उन्हें भाजपा नेताओं के दबाव में अनावश्यक परेशान करने तथा स्वयं की भूमि पर किए जा रहे विधिपूर्ण निर्माण कार्य में अनावश्यक अड़ंगेबाजी करने की शिकायत की।
कांग्रेस नेता नरेश साहू ने शिकायत में कहा कि उन्होंने शनिचरा बाजार में एक हजार वर्गफीट संपत्ति व उस पर निर्मित मकान का कब्जा वर्ष 1993 में रजिस्ट्री से प्राप्त किया था। इसमें छेड़ी सहित 20 गुणा 50 फीट संपत्ति का उल्लेख है। उन्होंने इस संपत्ति पर नगर पालिक निगम अभिलेखों में नामांतरण विधि अनुसार करवाया और नक्शे समेत विधिवत निर्माण अनुमति शुल्क जमा कर प्राप्त की। इसके दस्तावेज भी उपलब्ध है। उसके बाद पुराना मकान तोडकऱ अपनी संपत्ति पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया। साहू ने कहा कि निगम के कर्मचारी शुक्रवार को आए और उन्हें काम बंद करने की धमकी दी। ऐसा न करने पर लीज निरस्त करवाने की धमकी दी। उन्होंने अपनी संपत्ति के दस्तावेज व मकान निर्माण की स्वीकृति दिखाई। फिर भी वे जाते-जाते धमकाते गए।
भाजपा नेताओं के दबाव में काम का आरोप
कांग्रेस नेता ने बताया कि निर्माण कार्य स्थल पर इंजीनियर सचिन पाटिल, राजवीर सिंग एवं गीतेश धुर्वे व राजस्व निरीक्षक रवि ढोले एवं अन्य राजनीतिक लोगों की भीड़ पहुंची। आपत्ति किए जाने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न की। कार्यवाही का लिखित आदेश मांंगा तो निगम अधिकारियों ने इसे मौखिक आदेश बताया। मौके पर टेप खींचकर नाप-निशान लगाने की कार्रवाई करने लगे। बाद में ये सभी मौके पर कोई कार्यवाही किए बिना ही चले गए। साहू ने ये आरोप लगाया कि अधिकारी राजनीतिक प्रभाव रखने वाले भाजपा नेताओं, भू-माफिया के दबाव में आकर एकतरफा कार्यवाही कर रहे हैं। उन्होंने पक्ष विशेष के लिए काम करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
जेल बगीचा पर व्यवस्थापन के लिए दल गठित
निगम संपदा अधिकारी ने एक जारी आदेश में कहा कि जेल बगीचा में सब्जी बाजार लगाने चबूतरों का निर्माण किया गया है, लेकिन सब्जी व्यापारी इन चबूतरों पर ना बैठकर दीनदयाल पार्क के आसपास और जवाहर शाला स्कूल की सडक़ पर अतिक्रमण कर व्यवसाय का संचालन कर रहे हैं। इन सभी व्यापारियों को जेल बगीचा के चबूतरों पर बैठाने और उनका व्यवस्थापन करने आयुक्त ने दल का गठन किया। इनमें मनोज पवार, महेश साहू, हरि राठौर, सुभाष मालवीय, गोविंद चौहान, दुर्गेश वर्मा, शाहरूख सलाम, गगन मथुरिया, योगेश बानिया, देवेन्द्र उइके, शुभम कहार, जितेन्द्र चौहान की ड्यूटी दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक लगाई गई है।
केवल साहू के मकान की नपाई- ताम्बे
इधर स्थल पर मौजूद नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी नीरज ताम्बे का कहना है कि निगम अधिकारियों के दल ने नरेश साहू के निर्माणाधीन मकान की नपाई की। इस पर निगम इंजीनियर जो भी रिपोर्ट देंगे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यवाही की जाएगी। ताम्बे ने यह भी बताया कि उन्होंने शनिचरा बाजार में दूसरे छोटे अतिक्रमण भी हटाए।
निगम की टीम ने जनपद पंचायत के आसपास से हटवाए ठेले
शहर में चल रही अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को जनपद पंचायत के आसपास के ठेलों को हटवाया गया। साथ ही पक्के अतिक्रमण भी जेसीबी मशीन की सहायता से तोड़े गए। यहां के दुकानदारों को जेल बगीचा सब्जी बाजार शेड पहुंचाया गया।