
जामुनझिरी
वित्तीय वर्ष 2025-26 के चार माह खत्म होने पर आए, केंद्र सरकार की स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की गाइड लाइन नहीं पहुंची है। नगर निगम में इसका बेसब्री से इंतजार है। इसकी वजह से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की कार्ययोजना घोषित नहीं की है। पिछले वर्ष 2024 की स्वच्छता सर्वेक्षण की गाइडलाइन अप्रेल-मई में आ गई थी। इसमें 9500 अंक घोषित थे। मुख्य तौर पर प्रमुख बिंदुओं के अलावा बैक डोर गली का प्रावधान जोड़ा गया था। इस वर्ष 2025 में दूसरे राज्य दिल्ली, हरियाणा की गाइड लाइन घोषित किए गए। उसमें 12500 अंक किए गए।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि मप्र में अभी तक स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की गाइड लाइन जारी नहीं की गई है। इसमें केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 को लेकर अभी तक अपनी मंशा जाहिर नहीं की है। इसके अलावा केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने अपना लक्ष्य जाहिर नहीं किया कि सरकार नगरीय निकायों से क्या चाहती है। यदि स्वच्छता सर्वेक्षण की यह गाइडलाइन आ जाए तो नगर निगम अपनी कार्ययोजना बना सकता है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में छिंदवाड़ा नगर देशभर के 50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों में 25 वें स्थान पर आया। पिछले वर्ष 2023 में सर्वेक्षण में स्थान 55वां पर था। इससे नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह है। अब छिंदवाड़ा की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार दिखा। वन स्टार रैंक से छिंदवाड़ा थ्री स्टार रैंक के स्तर पर पहुंच गया। गत साल की तुलना मेंं छिंदवाड़ा अभी भी पांच अंक पीछे ही है। इस नतीजे में वेस्ट जनरेशन एवं प्रोसेसिंग, रिहायशी क्षेत्रों की साफ-सफाई, बाजार एरिया की साफ सफाई, जल स्रोतों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई का मुख्य योगदान रहा।
जामुनझिरी में बनाए गए कचराघर में बीती 20 अप्रेल को लगी आग को इस बारिश में भी नहीं बुझाया जा सका है। करीब एक लाख 35 हजार टन कचरे में फैली आग धीरे-धीरे सुलग रही है। प्रारम्भिक दिनों में दमकल कर्मचारी इसे नियंत्रित नहीं कर पाए। उसके बाद बारिश का इंतजार करने कहा गया। अब बारिश भी हो रही है, फिर भी आग बुझ नहीं पा रही है। यदि नगर निगम ने आग नहीं बुझाई तो स्वच्छता सर्वेक्षण के अंक प्रभावित हो सकते हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की गाइड लाइन अभी तक सामने नहीं आई है। जैसे ही यह जारी होगी, नगर निगम की कार्ययोजना बनाई जाएगी।-सीपी राय, आयुक्त नगर निगम।
Updated on:
28 Jul 2025, 5:42 PM IST
Published on:
28 Jul 2025, 5:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.