भाजपा को 51 प्रतिशत वोट की रणनीति बनाने छिंदवाड़ा आएंगे शाह
छिंदवाड़ा. विधानसभा और लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा को हर बूथ से 51 फीसदी वोट दिलाने की रणनीति बनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जल्द छिंदवाड़ा आएंगे। प्रदेश महामंत्री एवं जबलपुर संभाग प्रभारी राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार ने लोकसभा एवं विधानसभा कोर समितियों की बैठक लेते हुए इसकी जानकारी दी।
कविता पाटीदार ने कहा कि मंडल स्तर पर गठन, बैठक प्रवास एवं कार्यक्रम तय कर आगे की रूपरेखा बनाई जाएगी। प्रत्येक बूथ में भाजपा को 51 प्रतिशत वोट दिलवाना है, ये हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में छिंदवाड़ा जिले में जेपी नड्डा और अमित शाह का प्रवास होगा। सभी कार्यकर्ता पन्ना प्रभारी एवं समिति सदस्यों का भौतिक सत्यापन करा लें।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने बैठक की प्रस्तावना एवं अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन, जिला संगठन प्रभारी संतोष पारिक, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री परमजीत विज ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, नानाभाऊ मोहोड़, शेषराव यादव, चौधरी चंद्रभान सिंह, रमेश पोफली आदि उपस्थित हुए।