
चूरू के रतनगढ़ तहसील के गांव जान्दवा के निकट सड़क पर मौजूद गांव बिका की ढाणी में शुक्रवार को सुबह 11 बजे घासफूस के छप्पर में रखें 10 सिलेंडर एक के बाद एक धमाके से फट पड़े।

तेज धमाकों की आवाज से पूरा गांव दहल गया। हादसे के वक्त घर में सिर्फ तीन महिलाएं थी। घर में शादी होने के चलते चार रोज पहले ही घरेलू गैस के सिलेंडर ढाणी में लाकर रख गए थे।

4 मार्च को घर में सूर्यप्रकाश शर्मा की और 6 मार्च को उसकी बहन सविता की शादी थी। घर के सब लोग शादी की खरीदारी के लिए चूरू गए हुए थे तभी पीछे से यह हादसा हो गया।

सिलेंडर फटने से लगी आग में करीब दो लाख का दहेज का सामान और पड़ौसी का एक झोंपड़ा जलकर राख हो गया। ग्रामीणो ने घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी। इसके बाद मौके पर गई दमकल ने आग पर काबू पाया।

सूर्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना के समय उसकी मां रेवन्ती, भाभी पूनम व बहन सविता ही घर थे। बाकी सब लोग शादी की खरीदारी करने चूरू आए थे।

हादसे की जानकारी उसकी बहन सविता ने फोन पर दी। हालांकि परिवार के लोग गैस सिलेंडर भभकने का कारण फिलहाल नहीं बता पा रहे हैं। गनीमत ये रही कि कोई जनहानी नहीं हुई।