क्रिकेट

असम में हिंसक हुआ विरोध-प्रदर्शन, BCCI ने रद्द किए रणजी ट्रॉफी के दो मैच

- नागरिकता संशोधन बिल को लेकर असम में उग्र प्रदर्शन हो रहा है - राज्य के कई इलाकों में धारा 144 लगा दी गई है

2 min read

गुवाहटी। नागरिता संशोधन बिल लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हो गया है, लेकिन इस बिल के पास होने के बाद से नॉर्थ-ईस्ट के कुछ राज्यों में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हो रहा है। खासकर असम में विरोध प्रदर्शन ज्यादा उग्र हो चुका है। हिंसक रूप ले चुके प्रदर्शन को देखते हुए असम के ज्यादातर इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कर्फ्यू लगने की वजह से रणजी ट्रॉफी के दो मैचों को रद्द कर दिया गया है।

प्रदर्शन की वजह से रणजी ट्रॉफी के दो मैच रद्द

जानकारी के मुताबिक, गुवाहाटी और अगरतला में रणजी ट्रॉफी मैचों के चौथे दिन का खेल रद्द करने का ऐलान बीसीसीआई की तरफ से किया गया है। मेजबान असम (Assam) की टीम सर्विसेज (Services) से गुवाहाटी (Guwahati)और त्रिपुरा (Tripura) की टीम झारखंड (Jharkhand) से अगरतला में खेल रही थी। गुरुवार को मैच का चौथा दिन था, लेकिन हालात खराब होने की वजह से मैच रद्द कर दिया गया है।

खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर रद्द किया गया मैच

बीसीसीआई महाप्रबंधक (क्रिकेट परिचालन) सबा करीम ने कहा, ‘प्रदेश संघ ने हमें नहीं खेलने की सलाह दी है, खिलाड़ियों को होटल में ही रहने के लिए कहा गया है। खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यह मैच फिर खेला जाएगा या अंक बांटे जाएंगे, इस बारे में बाद में फैसला लिया जाएगा।’ खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर मैच को रद्द किया गया है।

होटल से बाहर नहीं निकलेंगे खिलाड़ी

असम क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्‍यक्ष देबोजीत सैकिया ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मैच रद्द किया गया है। उन्‍होंने कहा, 'कर्फ्यू के चलते खिलाड़ी होटल से बाहर नहीं आ सकते, राज्‍य और गुवाहाटी में काफी हिंसा हो रही है। उनकी (खिलाड़ियों) की सुरक्षा बड़ी चिंता है। ऐसे में हमें आज मैच रद्द करना पड़ा।'

क्रिकेट मैच के अलावा फुटबॉल के मैचों को भी रद्द कर दिया गया है। इंडियन सुपर लीग (Indian Super League) के तहत नॉर्थ ईस्‍ट यूनाइटेड और चेन्‍नईयिन के बीच होने वाले फुटबॉल मैच को भी अगले आदेश तक टाल दिया गया है।

Updated on:
12 Dec 2019 01:42 pm
Published on:
12 Dec 2019 01:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर