
Champions Trophy 2025: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर सवाल उठाते हुए पूछा कि भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान आने से साफ इनकार करने के बाद उन्हें खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में जाने से क्या हासिल होगा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीसीबी इस मामले पर सीएएस से संपर्क करने का विकल्प तलाश रहा है, क्योंकि वे पूरे टूर्नामेंट को पाकिस्तान में आयोजित करने पर अड़े हुए हैं।
कनेरिया ने कहा कि यह लगभग स्पष्ट था कि सुरक्षा चिंताओं और राजनीतिक कारणों से टीम इंडिया पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सीएएस में जाने से कुछ हासिल नहीं होगा। कनेरिया ने कहा, "लंबे समय से यह मुद्दा चल रहा था कि भारत राजनीतिक और अन्य कारणों से पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगा। उनके पास हाइब्रिड मॉडल का विकल्प है, जैसा उन्होंने एशिया कप में किया था लेकिन चीजें तय होनी चाहिए।
"पाकिस्तान ने पिछले साल वनडे विश्व कप के लिए भारत का दौरा किया था। अगर पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (सीएएस) में जाता है तो उसे इससे क्या हासिल होगा? पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर हमेशा अनिश्चितता रहती है। अंतर्राष्ट्रीय टीमें आ रही हैं, लेकिन भारतीय टीम के लिए सुरक्षा चिंताएं कहीं ज्यादा हैं।"
पूर्व पाक क्रिकेटर ने कहा, "भारत को अपने मैच दुबई में खेलने चाहिए और पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी अपने देश में ही करनी चाहिए। इस स्थिति में चीजें और भी खराब होंगी, लेकिन पाकिस्तान के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है, क्योंकि पिछली बार भी उन्होंने ऐसा ही किया था और विश्व कप के लिए अपनी टीम भारत भेजी थी। पीसीबी इस बार अडिग है और उसका कहना है कि पाकिस्तान के कई प्रशंसक विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को पाकिस्तान में खेलते देखना चाहते हैं।"
कनेरिया ने कहा, "यह देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आगे कैसे बढ़ेगा; क्या वे आगे बढ़कर खेलेंगे और अपने रुख पर कायम रहेंगे? मुझे लगता है कि दोनों बोर्डों के प्रतिनिधिमंडलों को व्यक्तिगत रूप से बातचीत करके जल्द कोई फैसला निकलना चाहिए।" चैंपियंस ट्रॉफी, जो आठ साल बाद 2025 में वापसी करने वाली है, इसमें दुनिया की टॉप-8 क्रिकेट टीमें भाग लेंगी और टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान के पास है।
Updated on:
12 Nov 2024, 5:40 PM IST
Published on:
12 Nov 2024, 5:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.