
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को पारी और 76 रनों से करारी शिकस्त दी है। तीनों ही टेस्ट मैचों में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। उनका लगातार फ्लॉप प्रदर्शन जारी है। तीसरे टेस्ट में पंत ऐसा शर्मनाक कारनामा कर बैठे जो उन्होंने अपने अब तक के अपने टेस्ट कॅरियर में नहीं किया था। पंत क्रिकेट जगत में अपनी तेज-तर्रार बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं।
दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके पंत
हेडिंग्ले टेस्ट मैच की पहली पारी में पंत 2 रन बनाकर आउट हुए और दूसरी पारी में सिर्फ 1 ही रन बना सके। ऋषभ पंत किसी भी टेस्ट में पहली बार इकाई अंक पर आउट हुए हैं और यह उनके लिए एक शर्मनाक रिकॉर्ड है। इंग्लैंड के खिलाफ ऋषभ पंत ने पिछले तीन टेस्ट मैचों की पांच पारियों में 25,37,22,2 और एक रन पारी खेली है। ऋषभ पंत ने एक तरफ जहां टेस्ट सीरीज में निराश किया है तो वहीं टीम इंडिया के कई बल्लेबाजों ने भी काफी मायूस किया।
पारी और 76 रनों से हारा भारत
हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने भारत को पारी और 76 रनों से हराकर सीरीज एक-एक से बराकर कर ली है। टीम इंडिया इस टेस्ट की पहली पारी में 78 रन पर आउट हो गई थी तो वहीं दूसरी पारी में रोहित शर्मा ने 59 रन, पुजारा ने 91 रन जबकि कप्तान विराट कोहली ने 55 रन बनाकर उम्मीद तो जगाई थी, लेकिन पुजारा और रोहित के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से लड़खड़ा गई और टीम को हार का सामना करना पड़ा। अब दोनों देशों के बीच अगला टेस्ट मैच ओवल में 2 सितंबर से खेला जाएगा।
Updated on:
28 Aug 2021, 8:45 PM IST
Published on:
28 Aug 2021, 8:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.