
मुरैना.चोरी करने आ रहे चोर अब बेहद साहसिक तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे है। अंबाह के अमरीशपुरा क्षेत्र में छत के रास्ते आए चोरों ने चोरी से पहले घर के मुखिया के कमरे के बाहर की कुंडी लगाई और फिर वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में चोर कीमती गहने, नकदी और बाइक समेत 22 लाख का सामान ले गए।
नगर के अमरीशपुरा क्षेत्र में बुधवार- गुुरुवार की दरम्यानी रात को रिटायर्ड शिक्षक अमर सिंह सखवार के घर के ताले व कुंडी काटकर जेवर व नगदी सहित 22 लाख और मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। परिवार के लोग जिन कमरों में सो रहे थे, उनकी बाहर से कुंडी लगा दी थी। चोर छत के रास्ते आए और मुख्य गेट से निकल गए।
घर के प्रमुख सदस्य अमर सिंह सखवार (63) निवासी करोली माता मंदिर के सामने वाली गली, अमरीशपुरा की पत्नी कमला बीमार है, वह आगरा में भर्ती है इसलिए दो बेटे उमेश व ब्रजेश मां के साथ आगरा में ही थे। चोर रात को छत के रास्ते आए और उन्होंने सबसे पहले उन कमरों की बाहर से कुंडी लगाई जिनमें परिवार के लोग सो रहे थे सिर्फ बड़ी बहू हेमा ऊपरी मंजिल पर सो रही थी, उसकी कुंडी नहीं लगाई। जिन कमरों में कीमती सामान रखा था, उनकी कुंडी व ताले काटकर चोर कीमती गहने व नगदी समेटकर ले गए। सुबह चार बजे अमर सिंह जागे तो उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगी थी, उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को फोन किए तो सबकी कुंडी बाहर से लगी लेकिन बड़ी बहू की कुंडी नहीं लगी थी, उसने नीचे आकर अन्य सदस्यों की कुंडी खोली।
घर के पीछे बने दोनों कमरों की कड़ी कटी हुई मिली। जब कमरों की तलाशी ली गई तो बक्सों का सामान बिखरा मिला और कीमती जेवर व नगदी गायब थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
अमर सिंह के अनुसार चोरी गए सामान में मोटरसाइकिल, दो सोने की झुमकी डेढ़ तोला, पांच अंगूठी लेडीज सवा तोला वजनी, कॉलर ढाई तोला, चार चूड़ी ढाई तोला, जंजीर एक तोला, बेंदा छह आना, मंगलसूत्र पांच पेंडल वाला एक तोला, बेसर चार आना, एक जोड़ी बाला आठ आना और चांदी की पायल, दो करधनी 300 ग्राम और डेढ़ लाख रुपए नगदी और बड़ी बहू उर्मिला पत्नी महेश के कमरे में से सोने के बाला आठ आना, मंगलसूत्र छह आना, झुमकी 12 आना, अंगूठी दो लेडीज छह आना, एक जेंट््स छह आना, चांदी की पायल व करधनी 200 ग्राम वजनी एवं 30 हजार की नकदी चोरी हुई।
Published on:
19 Mar 2026 11:37 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
