
मुरैना. रेत माफिया की हरकतें पुलिस और वन महकमे की पिछले दिनों की गई तमाम कोशिशों के बाद भी कम नहीं हुई है। शुक्रवार को हुई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में रेत नष्ट की गई। इस दौरान वन, राजस्व, खनिज और पुलिस महकमे के अधिकारी व अमले ने हिस्सा लिया। पिछले दिनों भी चंबल के राजघाट पर पुलिस और वन महकमे की टीम ने जिस तरह एकजुट होकर कार्रवाई की उसके बाद रेत माफिया की न तो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिखी न ही डंप रेत।
शुक्रवार को चंबल नदी पर एक बार फिर रेत माफिया हरकत में दिखा। रेत माफिया ने यहां रेत डंप कर रखी थी। वन, पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग ने कार्रवाई की। इस दौरान 950 ट्रॉली अवैध रेत नष्ट की गई।
संयुक्त टीम शुक्रवार की सुबह चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में अवैध रेत के विरुद्ध कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान टीम को देख ट्रैक्टर-ट्रॉली तो रेत माफिया के गुर्गे भगा ले गए। इस दौरान कुल 950 ट्रॉली अवैध रेत डंप रखी थी जिसे नष्ट किया गया। खनिज महकमे के अधिकारी का कहना है कि उक्त रेत का मूल्य करीब 19 लाख रुपए है।
चंबल नदी के राजघाट पुल के आसपास प्रशासन ने पूर्व में भी रेत के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की थी लेकिन अवैध उत्खनन लगातार जारी है, इसलिए माफिया ने फिर से अवैध रेत का संग्रहण कर लिया है। उसी रेत का कुछ हिस्सा शुक्रवार को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस विभाग की ओर से सीएसपी दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें वन, राजस्व एवं खनिज विभाग के अधिकारियों का सहयोग रहा। उक्त कार्रवाई वन अधिनियमों के तहत नियमानुसार की गई।
चंबल राजघाट क्षेत्र में सुबह से शाम तक तीन जेसीबी मशीनों के द्वारा रेत विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस के साथ, वन, राजस्व और खनिज विभाग भी शामिल रहा।
दीपाली चंदौरिया,सीएसपी,मुरैना.
Updated on:
21 Mar 2026 12:13 am
Published on:
21 Mar 2026 12:13 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
