12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दमोह सागर स्टेट हाइवे पर बांसा में भीषण सड़क दुर्घटना, चार की मौत

दमोह-सागर स्टेट हाइवे पर शुक्रवार १० अप्रेल की शाम एक ट्रक, जीप और बाइक की भिडंत होने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर हो गए। दमोह-सागर रोड पर हुए इस भीषण हादसे के बाद लोगों की भीड़ लगी हुई है, जिससे सागर रोड पर जाम लगा हुआ है।

2 min read
Google source verification

दमोह

image

Samved Jain

Apr 10, 2026

दमोह सागर स्टेट हाइवे पर बांसा में भीषण सड़क दुर्घटना, चार की मौत

दमोह सागर स्टेट हाइवे पर बांसा में भीषण सड़क दुर्घटना, चार की मौत

दमोह. जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर बांसा तारखेड़ा के पास सागर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, दमोह की ओर आ रहे ट्रक की टक्कर सामने से आ रही बुलेरो कार से हुई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक भी ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुलेरो में सवार दो अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया।

गैस सिलेंडर लेने दमोह जा रहे थे दोनों भाई

मृतकों में बाइक सवार सगे भाई सूरज अहिरवार और जीवन अहिरवार शामिल हैं, जो अपने छोटे भाई की शादी के लिए आयोजित लग्न कार्यक्रम के भोज के लिए गैस सिलेंडर लेने दमोह जा रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर मुख्य सड़क पर पहुंचते ही वे इस हादसे का शिकार हो गए। बताया गया है कि इनकी बाइक सीधे ट्रक से टकरा गई। ट्रक अचानक से रूका था और बाइक की रफ्तार तेज थी। घटना में दोनों सगे भाईयों को गंभीर चोट सिर पर आईं, जिसकी वजह से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, घटना की खबर लगते ही मृतकों के परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और चीख पुकार मच गई।

कार सवार दो की मौत

वहीं बुलेरो में सवार राजू चौधरी और धर्मेंद्र सिरवईया पिता राघवेंद्र सिरवईया की भी हादसे में मौत हो गई। बताया गया है कि बुलेरो चालक टक्कर के बाद स्टेरिंग में फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। शवों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उनकी पहचान हो सकी थी। वहीं पुलिस अभी यह पता नहीं कर पाई है कि कार सवार सागर की ओर कहां और किस कार्य से जा रहे थे। पुलिस ने शवों को शव गृह में रखवाया है और परिजनों को सूचित किया है।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी


इधर, घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सुजीत सिंह, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी अमित गौतम और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।