
दिन में जल रही स्ट्रीट लाइट, बिजली खपत की नहीं परवाह
दिन में जल रही स्ट्रीट लाइट, बिजली खपत की नहीं परवाह
इंदरगढ़। नगर के वार्डो व मुख्य चौराहों एवं सड़कों पर रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगी हुई है। जिससे रात के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। वार्ड व कॉलोनियों में इनदिनों स्थिति यह है कि स्ट्रीट लाइटें दिनभर जलती रहती है। जिसकी बजह से हर रोज हजारों यूनिट बिजली बर्बाद हो रही है। बिजली की खपत को लेकर नगर परिषद को परवाह नहीं है। स्ट्रीट लाइटों को बंद व चालू करने के लिए कर्मचारी भी तैनात नहीं किए गए है।
नगर में इन दिनों कुछ गलियों में रात में भले ही अंधेरा हो लेकिन ज्यादातर स्ट्रीट लाइट दिन में जलती हुई देखी जा सकती है। नगर परिषद का इन दिनों अव्यवस्थाओं से गहरा नाता है। इस समय नगर परिषद में मनमानी चल रही है। जिसके चलते समस्याएं व्याप्त है। नगर में लगी स्ट्रीय लाइट दिन में भी जल रही हैं। जिससे सैंकड़ो यूनिट बिजली की खपत हो रही है। जिसका भार नगर परिषद पर बढ़ रहा है। नगर परिषद पूरी तरह से बिजली बचाओ अभियान के विपरीत कार्य करते हुए शासकीय पैसे का दुरूपयोग करने से परहेत नहीं कर रही है। दिन के समय जल रही स्ट्रीट लाइटों को बंद करने की जहमत जिम्मेदारों के द्वारा नहीं उठाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि नगर में कई जगह दिन में ही स्ट्रीट लाइट जलती रहती हैं। इस तरह से अधिक बिजली बिल आने से नगर परिषद पर भी काफी बोझ पड़ता है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं। इसी तरह कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट ही नहीं है।
इन स्थानों पर रात के समय पसरा रहता है अंधेरा
जहां स्ट्रीट लाइट की सुविधा है वहां पर दिन में भी यह उजाला देती रहती हैं। जहां स्ट्रीट लाइट नहीं है वहां लाइटें लगवाने की ओर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। नगर के दालमील रोड, दतिया-सेंवढ़ा मार्ग, बाजार, वार्ड क्रमांक 14 में स्ट्रीट लाइट लगाई गई है जो दिन भर जलती है तो दूसरी तरफ नगर के वार्ड क्रमांक 3, वार्ड क्रमांक 10, वार्ड क्रमांक 9 में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से शाम ढलते ही अंधेरा रहता है। नगर परिषद ने इन वार्डो में अभी तक लाइटें लगवाने की व्यवस्था नहीं की है।
विद्युत शाखा में तीन से चार कर्मचारी है तैनात
नगर परिषद के द्वारा विद्युत शाखा में तीन से चार दैनिक दर पर कर्मचारियों को लगाया गया है। जबकि हकीकत यह है कि यहां एक ही कर्मचारी कार्य कर रहा है। ऐसे में नगर के अंदर स्ट्रीट लाइटों को जलाने एवं बंद करने के लिए किस कर्मचारी की जिम्मेदारी है यह बता पाना मुश्किल है। ऐसे में बिजली की बर्बादी होने के साथ-साथ नगर परिषद पर बिजली बिल का बोझ बढ़ रहा है।
विद्युत वितरण कंपनी समय-समय पर बिजली बचाने और उपयोग नहीं होने पर पंखे, कूलर, लाइट बंद कर विद्युत खपत कम करने की सलाह देती है। अगर स्ट्रीट लाइट दिन में जल रही है तो यह गंभीर बात है। नगर परिषद को लाइटें जलाने व बंद करने की व्यवस्था करना चाहिए। क्योंकि स्ट्रीट लाइट का संचालन नगर परिषद ही करती है। विद्युत वितरण कंपनी नगर परिषद से प्रतिमाह करीब खपत अनुसार 90 हजार के आसपास विद्युत बिल जमा कराती है।
महेश कुमार, उपयंत्री, विद्युत वितरण कंपनी, इंदरगढ़
नगर में किस-कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें दिन के समय जल रही है उन्हें दिखवाया जाएगा। स्ट्रीट लाइटों को सूर्योदय के बाद बंद किया जाना चाहिए। स्ट्रीट लाइटों को बंद करने व चालू करने की जिम्मेदारी तय की जाएगी और कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा।
महेन्द्र सिंह यादव, सीएमओ, नगर परिषद, इंदरगढ़
Published on:
14 Jun 2023 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allदतिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
