दौसा. विधिक सेवा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले में आमजन को लाभान्वित करने के लिए नई योजनाओं की जानकारी, केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा गरीब तबके के व्यक्तियों, महिलाओं, बालकों, श्रमिकों एवं अन्य वर्ग के लोगों को उनके हितार्थ संचालित लाभकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने एवं निशुल्क विधिक सहायता के लिए पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करने के लिए डोर टू डोर अभियान का शुभारम्भ किया गया। रिमाण्ड ड्यूटी मजिस्ट्रेट रेशमा जानवानी ने उपस्थित पैनल अधिवक्ता एवं पीएलवी को 9 से 18 नवम्बर तक डोर टू डोर कार्यक्रम के दौरान जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत में पीएलवी को घर-घर जाकर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उनके लाभों से वंचित पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।
महुवा. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दौसा व तालुका विधिक सेवा समिति महुवा के निर्देशन पर शुक्रवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत खेड़ला गदाली, गहनोली,धौलखेड़ा में विधिक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पीएलवी अवध विहारी शर्मा, हेमेन्द्र शर्मा, वेदप्रकाश द्वारा लोगों को डोर टू डोर कानून सम्बधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालतों के माध्यम से दोनों पक्ष मिल बैठ कर आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करवा सकते हैं।