2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दौसा

दौसा: पटरियों पर 100 किमी की रफ्तार से दौड़ा खुशियों का इंजन

लालसोट से पिपलाई तक हुआ रेल इंजन का स्पीड ट्रायल: लोगों में दिखा उत्साह

Google source verification

दौसा

image

Mahesh Jain

Feb 24, 2023

दौसा. लालसोट. दौसा गंगापुर रेल परियोजना पर रेल दौडऩे का सपना अब जल्द ही साकार होने की उम्मीद है। लालसोट में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के पास नवनिर्मित रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को पहली बार रेल की सीटी लोगों को सुनाई दी। बीते करीब ढाई दशक से लंबित पड़ी दौसा गंगापुर रेल परियोजना पर शुक्रवार को लालसोट से पिपलाई के बीच रेल इंजन का स्पीड ट्रायल किया गया। इसके तहत रेलवे अधिकारियों ने लालसोट से पिपलाई के बीच 26 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर 100 किलोमीटर की रफ्तार से इंजन को दौड़ाया। जानकारी के अनुसार रेल इंजन ने यह सफर करीब 25 मिनट में तय कर लिया। इस दौरान मंडावरी रेलवे स्टेशन पर इंजन की स्पीड को थोड़ा कम भी किया गया।


इससे पूर्व दौसा गंगापुर रेल परियोजना पर कार्यरत डिप्टी चीफ इंजीनियर धीरज चित्रोज की अगुवाई में रेलवे कार्मिक गंगापुर सिटी से इंजन लेकर लालसोट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, इस दौरान मौजूद लोगों ने सभी रेलवे कार्मिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा अर्चना की गई और नारियल फोडऩे के बाद लालसोट से पिपलाई के बीच स्पीड ट्रायल किया गया। इस दौरान रेल इंजन की सीटी लगातार बजती रही। जिससे कि लोग रेल ट्रैक से दूर रह सके।

गौरतलब है कि दौसा गंगापुर रेल परियोजना का काम पिछले करीब ढाई दशक से जारी है। इस रेल परियोजना पर अब तक सन 2017 में डीडवाना तक एवं गत वर्ष मार्च माह में गंगापुर से लेकर पिपलाई तक सीआरएस हो चुका है। अब इस परियोजना पर पिपलाई से लालसोट के बीच ट्रैक बिछाने, रेलवे स्टेशन एवं प्लेटफार्म निर्माण समेत सभी कार्य पूरे हो चुके हैं। परियोजना पर मात्र डीडवाना से लेकर इंदावा गांव के बीच बन रही प्रदेश की सबसे बड़ी रेल सुरंग का काम ही बाकी है।(निप्र.)


राजस्थान पत्रिका उठाता रहा है मुद्दा
दौसा दौसा-गंगापुर रेलमार्ग का स्वप्न ढाई दशक बाद भी अधूरा था। इसी दौरान परियोजना की लागत भी 200 करोड़ से बढकऱ 900 करोड़ रुपए से भी ज्यादा पहुंच गई। इसके पूरा होने का क्षेत्रवासियों को लम्बे समय से इंतजार था। इस मामले को पत्रिका लगातार उठाता रहा है।
राजस्थान पत्रिका ने गत 6 जनवरी को ‘दौसा गंगापुर रेल लाइन का ढाई दशक से इंतजार’ शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर बताया था कि पिपलाई से लालसोट तक 26 किलोमीटर तक 15 जनवरी तक एवं लालसोट से डिडवाना तक 8. 5 किलोमीटर तक 30 अप्रेल तक कार्य पूरा करने की योजना है। इस परियोजना के पूरी होने से ट्राईबल एरिया के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं व्यापार को भी गति मिल सकेगी। इस रेलमार्ग पर 11 स्टेशन संचालित होंगे। दौसा से डिडवाना तक ट्रैक तैयार होने के बाद कई वर्ष पहले सीआरएस (सैफ्टी किल्यरेंस) भी हो गया है।

दौसा: पटरियों पर 100 किमी की रफ्तार से दौड़ा खुशियों का इंजन