दौसा. 5 दिवसीय डे-नाइट अन्तरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज शनिवार शाम 5 बजे से होगा। मुकाबलों के लिए श्रीजय भवानी स्पोट्र्स क्लब मैदान को तैयार कर लिया गया है। शुक्रवार शाम मैदान दूधिया रोशनी से नहा उठा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्रसिंह राठौड़, राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीना, राज्यमंत्री मुरारीलाल मीना, नगर परिषद सभापति ममता चौधरी रहेंगी। उद्घाटन मैच मुंबई बनाम पंजाब के मध्य होगा।
10 से 14 जून तक होने वाली इस प्रतियोगिता मेंं नेपाल व भूटान समेत भारत के कई राज्यों की टीमें शामिल होंगी। टूर्नामेंट कमेटी अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि फुटबॉल के महासंग्राम में सार्क देश नेपाल व भूटान के अलावा पंजाब, दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, हरियाणा, राजस्थान, नाइजीरियन इलेवन व मेजबान भवानी क्लब सहित 9 टीमें भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि विजेता टीम को एक लाख रुपए नकद व उपविजेता को पचास हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
टूर्नामेंट के सचिव राजेश डगलाव ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए 500 फुटबॉल के साथ गोल्डन जुबली महासंग्राम का आगाज होगा। सभी फुटबाल नन्हे खिलाडिय़ों को वितरित की जाएगी। मीडिया प्रभारी प्रवीण बोहरा ने बताया कि टूर्नामेंट का आगाज भव्य आतिशबाजी के साथ होगा।
कार्यकारी अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि उद्घाटन मैच के बाद 11, 12 व 13 जून को प्रतिदिन 2 मैच खेले जाएंगे। प्रथम मैच शाम 6 से 8 बजे व दूसरा मैच रात्रि 8.30 बजे से शुरू होगा। शिवकुमार बोहरा ने बताया कि मैच में बेस्ट गोली व बेस्ट स्कोरर को सम्मानित किया जाएगा। क्लब प्रवक्ता कमलेश तिवाड़ी ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले बाबा नीलकंठ देवगिरी पर्वत से लेकर भवानी क्लब मैदान को दूधिया रोशनी से सजाया गया है।