राजफैड की ओर से समर्थन मूल्य पर सरसों व चना की खरीद की जाएगी। इसके लिए पांच क्रय-विक्रय सहकारी समिति व चार ग्राम सेवा सहकारी समितियों में खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
दौसा जिले में समर्थन मूल्य पर सरसों व चना की खरीद 9 केन्द्रों पर होगी। इसके लिए उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां दौसा ने जिला कलेक्टर से अनुमोदन के लिए खरीद केन्द्रों की सूची राजफैड को भेज दी है। खरीद की शुरुआत संभवत: 1 अप्रेल से होगी। इस बार पिछले साल के मुकाबले चना का 210 और सरसों का 300 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य ज्यादा है।
राजफैड की ओर से समर्थन मूल्य पर सरसों व चना की खरीद की जाएगी। इसके लिए पांच क्रय-विक्रय सहकारी समिति व चार ग्राम सेवा सहकारी समितियों में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। अब अगले हफ्ते हैंडलिंग व परिवहन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
गौरतलब है कि गत वर्ष सरसों का समर्थन मूल्य पर भाव 5650 व चने का भाव 5440 रुपए प्रति क्विंटल था। बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। किसान सरसों व चना बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। किसानों को सरसों व चने का भुगतान खरीद के सात दिन में ऑनलाइन किया जाएगा।
जिले में क्रय-विक्रय सहकारी समिति दौसा, बांदीकुई, सिकराय, मंडावर व लालसोट तथा ग्राम सेवा सहकारी समिति जसोता, बड़ागांव, रामगढ़ पचवारा व राहुवास में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। समितियों की ओर से सरसों व चना की खरीद के लिए तैयारियां की जा रही है।
कृषि उपज मंडी में इन दिनों नई सरसों की आवक शुरू हो गई है। हालांकि कई जगह सरसों की फसल की कटाई चल रही है। आगामी दिनों में सरसों की आवक बढ़ेगी। शुक्रवार को करीब 200 से अधिक कट्टे नई सरसों की आवक हुई। मानगंज व्यापार एसोसिएशन के मंत्री मुरारी धौंकरिया ने बताया कि मंडी में नई सरसों के भाव 4600 से 5700 व पुरानी सरसों के भाव 5920 रुपए प्रति क्विंटल रहे।
इनका कहना है…
समर्थन मूल्य पर सरसों व चना की खरीद एक अप्रेल से शुरू होने की संभावना है, हालांकि अभी पंजीयन को लेकर अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है। खरीद के लिए जिले में 9 खरीद केंद्र बनाए गए हैं।