
amit shah file photo
(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड भाजपा से निकाय चुनाव में दिग्गजों के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों की हार पर रिपोर्ट तलब की है और कहा कि आगामी दो दिनों के अंदर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में रिपोर्ट पेश की जाए। साथ ही शाह ने यह भी कहा है कि तत्काल प्रभाव से प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक भी बुलाई जाए। उस बैठक में विस्तार से दिग्गजों के विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों की पराजय पर चर्चा की जाए।
असल में उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद डा.रमेश पोखरियाल ‘निशंक’,पौड़ी गढ़वाल के सांसद मेजर जनरल (अवकाश प्राप्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी और नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी,उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट ,सरकार के प्रवक्ता और नगर विकास मंत्री मदन कौशिक,आयुष एवं वन एवं पर्यावरण मंत्री डा.हरक सिंह रावत सहित करीब एक दर्जन भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की करारी हार हुई है। दिग्गजों के क्षेत्र में हुई हार को संघ ने भी काफी गंभीरता से लिया है।
सूत्रों के मुताबिक संघ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेजे गए फीड बैक में कहा है कि शुरूआती दौर में तो यही लग रहा है कि निकाय चुनाव में उत्तराखंड के नामी गिरामी नेताआें ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार नहीं किया है। या फिर एेसा भी हो सकता है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताआें ने निकाय चुनाव को गंभीरता से नहीं लिया है। संघ ने शाह को यह भी समझाने की कोशिश भी की है कि यदि उत्तराखंड के दिग्गज नेता निकाय चुनाव में जुटे होते तो मेयर की कोटद्वार और हरिद्वार की सीटें भाजपा के पक्ष में जरूर चली आती। साथ ही निर्दलीय बड़ी तादाद में भी सभासद या फिर पार्षद के रूप में नहीं विजयी होते।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संघ से भी इस बारे में एक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। इसके अलावा शाह ने उत्तराखंड भाजपा से भी रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने निकाय चुनाव परिणामों को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री से भी बात की है। हालांकि चंद रोज के अंदर पार्टी के अध्यक्ष अजय भट्ट सहित उन सांसदों को भी दिल्ली बुलाया जाएगा। जिनकी वजह से पार्टी उम्मीदवारों को निकाय चुनाव में काफी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों ने बताया कि सारी बातचीत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में की जाएगी।
‘ दिग्गजों के क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों की हार की समीक्षा शुरू की जाएगी। इसके लिए जल्द ही एक टीम बनेगी। संगठन अपना काम कर रहा है। सरकार क्या कर रही है। सरकार जानती है। हाईकमान जब बुलाएगा तो प्रदेश के नेता जाएंगे। ’ अजय भट्ट ,अध्यक्ष ,उत्तराखंड भाजपढ
Published on:
23 Nov 2018 05:20 pm
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
