गरीबी और बेरोजगारी का फायदा उठाकर तस्कर भोले भाले युवक—युवतियों को मानव तस्करी का शिकार बना लेते हैं (Jharkhand Government To Airlift 62 Human Trafficking Victims From Delhi) (Jharkhand News) (Deoghar News) (Human Trafficking)...
देवघर,रांची: गरीबी और बेरोजगारी का फायदा उठाकर तस्कर भोले भाले युवक-युवतियों को मानव तस्करी का शिकार बना लेते हैं। काम-धंधे का लालच देकर उन्हें शहर बुलाया जाता है और उसके बाद उनका सौदा कर दिया जाता है। लेकिन सरकार चाहे तो मानव तस्करी का शिकार बने ऐसे युवक युवतियों की जिंदगी फिर से संवारी जा सकती है। इसकी बानगी झारखंड में देखने को मिली जहां राज्य सरकार बड़ी संख्या में लड़कियों और लड़कों को एयरलिफ्ट कर उनके घर पहुंचाने वाली है।
जी हां, मानव तस्करों के चक्रव्यूह में फंसकर जिल्लत की जिंदगी जीने को मजबूर 60 लड़कियों और 2 लड़कों को जल्द ही विशेष विमान के जरिए रांची लाया जाएगा। संभवत: यह पहला मामला है जब सरकार इस तरह के पीड़ितों को एयरलिफ्ट कर रही हो। झारखंड का महिला बाल विकास विभाग और राज्य संसाधन केंद्र मिलकर इस काम को अंजाम देने वाले है। 30 जुलाई तक इन्हें रांची लाने के बाद इन्हें इनके गृह जिले में भेजा जाएगा। सभी फिलहाल दिल्ली के 17 शेल्टर होम में ठहरे हुए हैं।
इन सभी युवक युवकों की दास्तां बहुत दर्द भरी है। दलाल अपनी बातों में फंसाकर इन्हें दिल्ली लेकर आए थे। बाद में मोटी रकम लेकर इनका सौदा कर दिया। अब यह मजदूरों की तरह काम कर रहे है। शारीरिक और मानसिक यातनाएं मानों इनकी जिंदगी का हिस्सा बन गई है। इनमें झारखंड के 15 जिलों के रहने वाली युवतियां हैं।