
दो दिन में चाकूबाजी की तीन घटनाएं, एक मौत, दो घायल
देवास। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आपराधिक तत्वों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो दिन में थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की तीन घटनाएं हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को उज्जैन रोड ओवरब्रिज के नीचे हुई हत्या के बाद शुक्रवार शाम उज्जैन रोड पर पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद शुक्रवार देर रात सुभाष चौक में एक युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुभाष चौक में मिर्जा बाखल निवासी 17 वर्षीय किशोर पर आरोपी आसिफ भारती, कासिम भारती, जानू अनमोल, वसीम भारती, अरमान भारती, अट्टू सरदार सभी निवासी मोमनटोला ने एक मत होकर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान सोहेल का भाई भी साथ में था। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उधर सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करके उसे गंभीर अवस्था में इंदौर रैफर कर दिया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विभिन्न धाराओं में केस किया है।
पेट्रोल पंप पर चाकूबाजी करने वाले आरोपियों का निकाला जुलूस
उज्जैन रोड स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना को तीन लोगो ने अंजाम दिया था। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसका उपचार इंदौर में जारी है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार रात को पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उनसे उठक बैठक भी लगवाई। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम उज्जैन रोड स्थित पेट्रोल पंप पर चाकूबाजी की घटना हुई थी। इसमें अशोक पिता प्रेमदास निवासी मल्हार कॉलोनी घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी रवि पिता नरेंद्र राठौर निवासी उज्जैन रोड ओवरब्रिज व सोनू पिता संजय बंजारे निवासी नगर निगम कॉलोनी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया। मामले में एक आरोपी शेखर मालवीय निवासी राजीव गांधी नगर फिलहाल फरार है। दोनों आरोपियों का शनिवार रात पुलिस ने जुलूस निकाला व उठक-बैठक लगवाई। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र ङ्क्षसह परमार ने बताया की आरोपियों के पुराने अपराधों की जानकारी भी ली जा रही है।
हत्या के मामले में आरोपी युवक के परिजनों ने दिया आवेदन
गुरुवार को कोतवाली थाना अंतर्गत उज्जैन रोड ओवरब्रिज के नीचे नवाब पिता इब्राहिम अब्बासी की दो लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग व उसके साथी जितेंद्र उर्फ पिल्लू को गिरफ्तार किया है। उधर शनिवार को आरोपी जितेंद्र का भाई तुलसीराम व अन्य परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर बताया कि जिस युवक ने चाकू मारा है उसके साथ जितेंद्र नहीं था। परिजनों ने बताया फुटेज में घटना के समय एक ही व्यक्ति नजर आ रहा है। परिजनों ने बताया घटना वाले दिन जितेंद्र बीमार होने के कारण घर पर ही था।
Published on:
11 Sep 2022, 6:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.