
एसीबी कार्रवाई बाद यातायात पुलिस ने हाइवे से बनाई दूरी, प्वाइंटों पर छाई सुस्ती
धौलपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-मुंबई पर गत दिनों भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टीम के यातायात शाखा की इंटरसेप्टर गाड़ी पर तैनात कर्मियों को तय चालान राशि से अधिक नकदी बरामद होने के बाद इस शाखा में मायूसी बरकरार है। हाल ये है कि जो वाहन पहले दिनभर हाइवे पर दौड़ लगाते थे वह अब शहर के गुलाब बाग चौराहे स्थित यातायात शाखा के बाहर ही खड़े रहते हैं। जबकि पहले दोनों वाहन सुबह से ही नदारद रहते थे। उधर, शहर के कुछ विशेष प्वाइंटों पर तैनात यातायात कर्मी भी अब गायब नजर आ रहे हैं। जबकि पहले यहां जमघट लगा रहता था।
सूत्रों के अनुसार एसीबी कार्रवाई के बाद कुछ यातायात कर्मी शाखा से बाहर जाने का मन बना चुके हैं और एक से दो ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दे दिए हैं। वहीं, कार्रवाई के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने लाइन भेजे यातायात कर्मियों के स्थान पर अभी तक नया स्टाफ नहीं मिला है। इससे कार्यरत कर्मियों की ड्यूटी का भार बढ़ा है और यातायात व्यवस्था संभालने में पसीने छूट रहे हैं।
48 की नफरी, कार्यरत 30 से कम
शहर में यातायात शाखा में करीब 48 कर्मियों की नफरी है। लेकिन वर्तमान में शाखा में 30 कर्मियों से कम ही कार्यरत हैं। इसमें भी करीब 4 से 5 कर्मचारी अवकाश पर रहते हैं। जबकि कुछ कार्मिक वीआईपी ड्यूटी और हाइवे से विशेष सुरक्षा में निकलने वाले केन्द्रीय मंत्री व अति विशिष्ट लोगों की ड्यूटी में रहते हैं। जिस वजह से फील्ड में कभी-कभी स्टाफ कम पड़ जाता है। उधर, एसीबी कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से लाइन भेजे गया स्टाफ के बदले में अभी तक नया स्टाफ नहीं मिल पाया है। जिससे तैनात कर्मियों पर अतिरिक्त भार बना हुआ है।
अधिक ट्रेफिक वाले प्वाइंटों पर ही तैनाती
नफरी की कमी के चलते शहर में फिलहाल अधिक यातायात वाले मार्ग या बाजार में ही कर्मचारी तैनात हैं। इसमें केन्द्रीय बस स्टैण्ड, मचकुण्ड रोड, गुलाब बाग चौराहा, सब्जी मण्डी, जिरौली फाटक समेत अन्य प्वाइंट शामिल हैं। जबकि कई प्वाइंटों पर तो बीच-बीच में आकर कर्मचारी जांच कर लौट जाते हैं। उधर, नफरी की कमी के चलते चालान कार्रवाई पर भी असर पड़ा है।
फ्लाईओवर पर नहीं दिखता कोई, अब सब नीचे
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले ही तरह इंटरसेप्टर व एक अन्य गाड़ी की दौड़ कम हो गई है। यह बेहद जरुरी होने पर ही निकलते हैं। ज्यादातर समय दोनों वाहन गुलाब बाग चौराहे पर खड़े रहते हैं। जबकि पहले इंटरसेप्टर व एक अन्य गाड़ी कभी-कभार या सुबह के समय ड्यूटी लगने के दौरान ही मौजूद रहते थे। गौरतलब रहे कि हाइवे पर तोर के पास गत 21 जुलाई को इंटरसेप्टर पर तैनात कुछ यातायात कर्मियों को एसीबी ने तय जुर्माना राशि से करीब 24 हजार रुपए अधिक के साथ पकड़ा था। जिसमें मामला दर्ज होने पर एसपी ने इन कार्मिकों को लाइन भेज दिया था। हाल में यातायात शाखा में नए टीआई की नियुक्ति हुई है। लेकिन वह भी ज्यादातर कामकाज कार्यालय से संभाल रहे हैं।
- यातायात शाखा में वर्तमान में नफरी की कमी है। जिस वजह से शहर में अधिक यातायात वाले प्वाइंटों पर कार्मिक तैनात कर रखे हैं। नफरी कम होने से कार्य में थोड़ी परेशानी आ रही है। फील्ड में केवल करीब 15 लोग ही बने हुए हैं। जबकि दूसरे अन्य आवश्यक कार्यों रहते हैं।
- ओमेन्द्र सिंह, यातायात प्रभारी धौलपुर
Published on:
10 Aug 2023 07:52 pm

बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
