धौलपुर. शहर में रेलवे स्टेशन रोड स्थित अग्रसेन धर्मशाला के पास तडक़े बस स्टैण्ड से पैदल घर जा रहे एक युवक के साथ बाइक सवार अज्ञात जनों ने मारपीट की और उसे बाइक पर बैठाकर खलती वाली रोड पर ले गए और उससे नकदी व अन्य सामान छीन कर भाग गए।
धौलपुर. शहर में रेलवे स्टेशन रोड स्थित अग्रसेन धर्मशाला के पास तडक़े बस स्टैण्ड से पैदल घर जा रहे एक युवक के साथ बाइक सवार अज्ञात जनों ने मारपीट की और उसे बाइक पर बैठाकर खलती वाली रोड पर ले गए और उससे नकदी व अन्य सामान छीन कर भाग गए। जाते समय उसका मोबाइल फोन तोड़ गए। उधर, पुलिस युवक व परिजन सुबह कोतवाली व निहालगंज थाने पहुंचे तो एक-दूसरे की सीमा बता रिपोर्ट नहीं ली गई। जिस पर पीडि़त एसपी कार्यालय पहुंचे और निर्देश पर मुकदमा दर्ज हुआ।
जानकारी के अनुसार नीतेश कुमार पुत्र संतोष लोधा निवासी तगावली सुबह करीब ४ बजे जयपुर से लौटकर पैदल लाल बाजार होकर गांव तगावली की तरफ जा रहा था। स्टेशन रोड पर अग्रसेन धर्मशाला के पास एक बाइक पर अचानक तीन अज्ञात जने आए और उसे रोककर मारपीट की। आरोप है कि बाइक सवार उसे जबरन पकड़ कर खलती वाली रोड पर ले गए और मारपीट कर उसकी जेब से करीब ६४०० रुपए, ईयर बेग, एक जोड़ी कपड़े, ईयर फोन आदि सामान छीन कर भाग गए। जाते समय उसका मोबाइल भी तोड़ गए। पीडि़त घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। जिस पर सुबह परिजन निहालगंज थाने पहुंचे तो उन्हें कोतवाली थाने की सीमा बताते हुए लौटा दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। पीडि़त व परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे, जिस पर अधिकारी के निर्देश पर निहालगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। उधर, प्रशिक्षु आरपीएफ अधिकारी अंगद शर्मा ने बताया कि वह जुलूस में हैं और उन्हें जानकारी नहीं है।