
Dholpur news
धौलपुर.बढ़ते तापमान और प्रचंड गर्मी ने डिस्कॉम के बिजली तंत्र को फिर निष्क्रिय कर दिया है। दस दिन पहले जहां प्रतिदिन की खपत 35 लाख यूनिट पर आ गई थी जो वर्तमान में 20 प्रतिशत वृद्धि के साथ यह 42 लाख यूनिट पर पहुंच गई है। नतीजा बढ़ते दबाव के कारण केबिलों में फॉल्ट, ट्रिपिंग बढऩे से कई घंटे तक घरों की बत्ती गुल रह रही है, तो डिस्कॉम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा हुआ है।
मानसून की बेरुखी की मार अब लोगों पर भारी पडऩे लगी है। इससे जहां जनमानस और अन्नदाताओं का हाल बेहाल है और आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं, तो वहीं डिस्कॉम का बिजली तंत्र फिर हांफने लगा है। हालात यह हैं लोड़ बढऩे के कारण लाइट कई घंटे तक गुम हो रही है और लोग गर्मी से पसीना-पसीना हो रहे हैं। डिस्कॉम के अनुसार शहर में प्रतिदिन की विद्युत खपत सामान्य दिनों में 30 लाख यूनिट के आसपास रहती है, जो गर्मी और सर्दियों में और घटती-बढ़ती रहती है। प्री मानसून के दौरान गत 8 दिन पहले दो दिन हुई बारिश के कारण तापमान गिरने के साथ शहर की विद्युत खपत गिरकर 35 लाख यूनिट प्रतिदिन पर आ गई, लेकिन मानसून के समय पर आगमन नहीं होने और लगातार बढ़ती गर्मी के कारण विद्युत खपत 20 प्रतिशत बढक़र 42 लाख यूनिट प्रतिदिन पर पहुंच गई। जिसका असर डिस्कॉम के जर्जर हो चुके बिजली तंत्र पर पडऩा स्वाभाविक था और केबिलों में फॉल्ट, ट्रिपिंग मामले में बढ़ोत्तरी के साथ कई घंटों तक घरों की बत्ती गुल रह रही है। प्रचंड गर्मी के बीच देर तक लाइट नहीं होने से जनमानस का हाल बेहाल है।
मानसून इफेक्ट...गत वर्ष 25 प्रतिशत कम थी खपत
अमूमन देखा जाता है कि राज्य सहित शहर में मानसून का आगमन 20 से 25 जून तक हो जाता है, लेकिन जुलाई माह प्रारंभ होने को है और अभी तक मानसून का अता-पता नहीं। यही कारण है मौजूदा समय में गत वर्ष की अपेक्षा विद्युत खपत में भारी अंतर आ रहा है यानी मौजूदा जून माह के आखिरी दिनों में और गत वर्ष जून माह के आखिरी दिनों में 25 प्रतिशत का अंतर देखा जा रहा है, डिस्कॉम के हिसाब से डिफरेंस काफी ज्यादा है यही कारण है कि डिस्कॉम के तंत्र पर प्रतिदिन लोड बढ़ता जा रहा है।
एक साल में 6.91 प्रतिशत छीजत हुई कम
लोड बढऩे में जहां जितनी गर्मी जिम्मेदार है उतनी ही बिजली छीजत। हालांकि गत सालों में शहर से लेकर जिले भर में बिजली छीजत प्रतिशत लगातार कम होती आई है। गत वर्ष जून माह की समाप्ति और मौजूदा समय की बात करें तो इस एक साल में ही 6.91 प्रतिशत छीजत कम हुई है और अब यह गिरकर 22.91 प्रतिशत पर आ गई है, जो कि बेहतर आंकड़ा माना जा सकता है। धौलपुर जिला राज्य भर में छीजत के मामले टॉप पर माना जाता रहा है जहां छीजत 40 प्रतिशत से ऊपर तक रह चुकी है।
वित्तीय वर्ष 225 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए
बिजली छीजत को रोकने के लिए डिस्कॉम भी लगातार प्रयासरत है। यही कारण है कि छीजत का आंकड़ा भी लगातार गिरता जा रहा है। डिस्कॉम ने कई वर्षों से बिल जमा नहीं करने वालों पर सख्ती बरतते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 603 जगह से ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। अप्रेल-मई माह में बड़े बकाएदारों के 225 ट्रांसफॉर्मर उतारे जा चुके हैं इसका परिणाम यह रहा की जिले की अबतक की रिकार्ड 103.71 प्रतिशत राजस्व वसूली सम्भव हुई। तो वहीं ईमानदार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने बिजली चोरों पर भी डिस्कॉम का हंटर जमकर चला और जिले भर में 1423 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए।
मानसून के आगमन नहीं होने से गर्मी बढ़ती जा रही है। जिसका असर है कि एक बार फिर लोड बढ़ गया है। गत दिस दिनों में ही २० प्रतिशत लोड़ बढ़ चुका है। जिस कारण शहर में कुछ जगह विद्युत सप्लाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। जिसको दुरुस्त करने के लिए टीमें लगाई गईं हैं, जो तत्परता दिखाते हुए विद्युत बहाली के लिए कार्य कर रहे हैं।
-विवेक शर्मा, अधीक्षण अभियंता डिस्कॉम धौलपुर
Published on:
30 Jun 2026 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
