11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से हैवानियत, बोरे में मिली जिंदा, POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज

CG Rape Case: एक 30-35 वर्षीय युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या की नियत से उसे बोरे में बंद कर खंडहर के पास स्थित कुएं के पास फेंक दिया।

2 min read
Google source verification
चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से हैवानियत, बोरे में मिली जिंदा, POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज(photo-patrika)

चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से हैवानियत, बोरे में मिली जिंदा, POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज(photo-patrika)

CG Rape Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक 30-35 वर्षीय युवक ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और हत्या की नियत से उसे बोरे में बंद कर खंडहर के पास स्थित कुएं के पास फेंक दिया। बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

CG Rape Case: चॉकलेट का लालच देकर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, बच्ची शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल से घर लौटी थी। इसके बाद वह पास की दुकान पर चॉकलेट खरीदने गई थी। इसी दौरान आरोपी धनेश्वर साहू, जो बच्ची का पड़ोसी है, उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

बोरे में बंद मिली मासूम, सांस लेने में हो रही थी दिक्कत

जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोपहर करीब 2 बजे गांव के दो युवकों को कुएं के पास एक बोरा हिलता हुआ दिखाई दिया। जब उन्होंने उसे खोला, तो अंदर बच्ची मिली। उसका मुंह तकिए के कवर से बांधा गया था, जिससे वह सांस लेने में तकलीफ झेल रही थी। बच्ची पसीने से तरबतर और बेहद डरी हुई थी।

आरोपी हिरासत में, सबूत बरामद

गांव के युवक ने बताया कि अभी बच्ची ठीक है। पांच-छह साल की होगी। आरोपी का नाम धनेश्वर है जिसे मोहल्ले में जनता के नाम से लोग जानते हैं। बच्ची को बोरे के अंदर डाल कर, तकिये के खोल से मुंह बांधा हुआ था और उसे पीछे खंडहर के करीब स्थित कुएं के पास फेंक दिया था।

खोजते हुए जब हम दोनों कुएं के पास पहुंचे तो बोरे में हल-चल दिखी, जब अंदर खोलकर देखा तो उसमें बच्ची मिली। हमने उठाया तो वो हांफ रही थी बस। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और पसीने से तरबतर थी। जिस युवक को हिरासत में लिया गया है, उसने स्वीकार किया था कि तकिया का कपड़ा उसी का था। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है।

गांव में उबाल, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

मासूम के साथ हुई दरिंदगी की खबर फैलते ही गांव में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। आरोपी धनेश्वर साहू की गिरफ्तारी के बाद रात करीब 9 बजे 150 से अधिक ग्रामीण उतई थाने पहुंच गए और उसे उनके हवाले करने की मांग करने लगे। कुछ लोगों ने आरोपी का जुलूस निकालने की बात कही, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

इधर, पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और वह अब खतरे से बाहर है। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एफएसएल टीम ने आरोपी के घर से अहम सबूत, जिसमें तकिया कवर भी शामिल है, बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी मजदूरी करता है और शराब का आदी है, गिरफ्तारी के वक्त भी वह नशे में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।