
केएमसीआरआई हुब्बल्ली।
हुब्बल्ली. कर्नाटक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट (केएमसीआरआई) ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) को प्रस्ताव भेजा है। साथ ही विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में 18 सीटें बढ़ाने की भी मांग की गई है।
यदि अनुमति मिलती है तो एमबीबीएस सीटें 200 से बढक़र 250 हो जाएंगी। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि 2026-27 शैक्षणिक वर्ष से नई सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले 2016-17 में भी 50 सीटें बढ़ाई गई थीं। अब नौ वर्षों बाद फिर से अतिरिक्त सीटों की मांग की गई है। सीटें बढऩे पर कक्षा संचालन के लिए दो बैच बनाने या बड़े लेक्चर हॉल की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।
वर्तमान में केएमसीआरआई में 185 पीजी सीटें हैं। नई मांग में डर्मेटोलॉजी, नेत्र विज्ञान, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी सहित कई विभाग शामिल हैं। इसके अलावा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में नए कोर्स के लिए 2 सीटों का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
यदि एनएमसी से मंजूरी मिलती है तो केएमसीआरआई में चिकित्सा शिक्षा के अवसर और बढ़ेंगे, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कॉलेज और अस्पताल में ओपीडी व आईपीडी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पर्याप्त बुनियादी ढांचा, शिक्षण स्टाफ और क्लिनिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्थल निरीक्षण पहले ही हो चुका है और रिपोर्ट चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपी गई है। हमें एनएमसी से स्वीकृति मिलने का पूरा भरोसा है।
-डॉ. ईश्वर होसमनी, निदेशक, केएमसीआरआई
Published on:
28 Jan 2026 08:00 pm
बड़ी खबरें
View Allशिक्षा
ट्रेंडिंग
