
Virat Kohli
Virat Kohli marksheet 10th class: हाल ही में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए हैं। वहीं दूसरी ओर, भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करके फिर से चर्चा का विषय बन गए हैं। इसी दौरान, सोशल मीडिया पर उनकी 10वीं कक्षा की मार्कशीट फिर से वायरल हो रही है, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। यह मार्कशीट अब सोशल मीडिया साइट्स पर फिर से जमकर शेयर किया जा रहा है। पहले भी यह पोस्ट काफी चर्चा में रही थी। कई वेरिफाइड अकाउंट से भी इसे शेयर किया जा रहा है।
मार्कशीट के अनुसार विराट कोहली ने साल 2004 में सीबीएसई बोर्ड से 10वीं की परीक्षा पास की थी। उनकी मार्कशीट में देखा जा सकता है कि अंग्रेजी, हिंदी और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों में उन्होंने बेहतर अंक प्राप्त किए थे। वहीं, गणित, विज्ञान और कंप्यूटर जैसे विषयों में उनके अंक अपेक्षाकृत कम थे।
अंग्रेजी: 83 अंक (A1 ग्रेड)
सामाजिक विज्ञान: 81 अंक (A2 ग्रेड)
हिंदी: 75 अंक (B1 ग्रेड)
विज्ञान: 55 अंक (C1 ग्रेड)
गणित: 51 अंक (C2 ग्रेड)
प्रारंभिक आईटी: 74 अंक (C2 ग्रेड)
विराट कोहली ने भी एक बार अपनी स्कूल की मार्कशीट सोशल मीडिया पर साझा की थी और लिखा था कि मजे की बात यह है कि जो चीजें आपकी मार्कशीट में सबसे कम अंक जोड़ती हैं, वही आपके व्यक्तित्व को सबसे ज्यादा आकार देती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों में खेलों को जरूरी महत्व नहीं दिया जाता, जबकि उनके लिए क्रिकेट ही सब कुछ बना, न सिर्फ एक पेशा, बल्कि एक जीवनशैली भी।
विराट की इस मार्कशीट पर कई यूजर्स ने अपनी राय व्यक्त की। एक यूजर ने कहा, “हां, अंक तो बस नंबर होते हैं, असली ताकत मेहनत और लगन में होती है।” एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह उन माता-पिता के लिए एक जरूरी सबक है, जो बच्चों की क्षमताओं को सिर्फ पढ़ाई के आधार पर आंकते हैं, जबकि बच्चे अन्य क्षेत्रों जैसे खेल, संगीत या कला में बेहतर हो सकते हैं। वहीं एक यूजर ने सराहना करते हुए लिखा, “विराट कोहली – एक खिलाड़ी, एक प्रेरणा, और अब एक मिसाल कि सफलता का रास्ता सिर्फ मार्कशीट से होकर नहीं गुजरता।”
Updated on:
16 May 2025, 1:49 PM IST
Published on:
16 May 2025, 1:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.