फैजाबाद : बिहार के मुजफ्फरपुर के बाद यूपी के देवरिया में शेल्टर होम में भी मासूम बच्चियों और बच्चों के साथ अत्याचार की घटना सामने आने के बाद कहीं ना कहीं पूरे देश भर में अनाथ मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं . केंद्र व प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं के बाद भी इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद चौंकाने वाला है . सवाल इस बात पर भी है कि आखिरकार बच्चे सुरक्षित कहां हैं .जहां एक तरफ शेल्टर होम में बच्चियों के साथ अभद्र घटनाएं हुई हैं वही अलग-अलग शहरों में होटल रेस्टोरेंट और कारखानों में बड़ी तादाद में मासूम बच्चे आज भी अपना बचपन गंवा रहे हैं . जहां न सिर्फ उनका उत्पीड़न किया जाता है बल्कि उनके साथ हिंसा की घटनाएं भी अंजाम दी जाती है . हालांकि मासूम बच्चों के साथ हो रही घटनाओं को रोकने के लिए काम करने वाली सामाजिक संस्थाएं भी लगातार प्रयासरत हैं .