
ईरानी फुटबॉल फैंस (Image: IANS)
Israel-Iran War effect on FIFA World Cup2026: खेल और राजनीति के बीच की लकीर एक बार फिर धुंधली पड़ती दिख रही है। क्रिकेट में बंग्लादेश ने भारत में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा न लेने का फैसला किया था। इसके बाद अब फुटबॉल की दुनिया में भी एक बड़ा सियासी भूचाल आया है। ईरान ने साफ कह दिया है कि वह फीफा विश्व कप 2026 के अमेरिका में होने वाले अपने तीनों ग्रुप मैचों में नहीं उतरेगा।
ईरान के फुटबॉल फेडरेशन (FFIRI) के अध्यक्ष मेहदी ताज (Mehdi Taj) ने बुधवार को साफ शब्दों में कहा कि वे विश्व कप का नहीं, अमेरिका का बहिष्कार करेंगे। ईरानी टीम अपने ग्रुप G के सभी तीन मुकाबले अमेरिका की धरती पर खेलने से इनकार कर चुकी है और फीफा से इन मैचों को मेक्सिको में कराने की मांग कर रही है।
ईरान का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ है और भारतीय समयानुसार 16 जून की सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। दूसरा मैच 22 जून को रात 12:30 बजे बेल्जियम के खिलाफ खेला जाएगा। तीसरा और अंतिम ग्रुप मुकाबला 26 जून को सिएटल के लूमेन फील्ड स्टेडियम में मिस्र के खिलाफ होगा, जो 27 जून की सुबह 8:30 बजे शुरू होगा। यानी ईरान के सभी तीन ग्रुप मैच अब तक अमेरिकी धरती पर खेले जाने की योजना है, दो लॉस एंजेलिस में और एक सिएटल में।
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरु हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने जंग के बीच बयान देते हुए कहा था कि ईरानी खिलाड़ियों का अमेरिका में खेलना उनकी "जान और सुरक्षा" के लिहाज से अनुचित हो सकता है। हालांकि बाद में ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि खतरा अमेरिका की तरफ से नहीं होगा, लेकिन मेहदी ताज ने इस बयान को ही आधार बनाते हुए मैच का वेन्यू बदलने की मांग की।
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल ने फरवरी के अंत में ईरान पर हमला शुरु किया था जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है, और इसी पृष्ठभूमि में ईरान की विश्व कप भागीदारी पर सवाल खड़े होने लगे थे। ताज ने यह भी बताया कि ईरानी टीम फिलहाल तुर्किये में प्रशिक्षण शिविर में है और वहां नाइजीरिया तथा कोस्टा रिका के खिलाफ दो फ्रैंडली मैच भी खेलेगी।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाउम ने मंगलवार को कहा कि उनका देश ईरान के ग्रुप मैचों की मेजबानी करने के लिए तैयार है, क्योंकि मेक्सिको दुनिया के हर देश के साथ राजनयिक संबंध बनाए रखता है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि मैचों के वेन्यू में कोई भी बदलाव करने का अधिकार फीफा का ही है और अंतिम निर्णय उसी का होगा।
फीफा ने अपने बयान में कहा है कि वह ईरानी फेडरेशन के साथ संपर्क में है, लेकिन उनकी प्राथमिकता यही है कि सभी टीमें 6 दिसंबर 2025 को घोषित किए गए कार्यक्रम के अनुसार ही मैदान में उतरें। फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से होना है और फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है।
Updated on:
20 Mar 2026 05:58 pm
Published on:
20 Mar 2026 05:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
