
नई दिल्ली। फुटबॉल के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले अर्जेटीना के डिएगो माराडोना (Diego Maradona Death) का 60 साल की उम्र में निधन हो गया। वह सिर में ब्लड़ क्लॉट की सर्जरी के बाद दो सप्ताह पहले ही अस्पताल से लौटे थे। माराडोना (Maradona) की तीन नवंबर को सर्जरी हुई थी। वह फिलहाल अस्पताल से वापस आ गए थे और टिग्रे में अपने घर में रह रहे थे। माराडोना ने अपनी कप्तानी में 1986 में अर्जेटीना को फीफा विश्व कप (fifa world cup) दिलाया था। फीफा कप में माराडोना (Maradona) ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइल में 60 यार्ड से भागते हुए मिडफील्ड को छकाते हुए गोल किया था। उनकी इस गोल को गोल ऑफ द सेंचुरी का नाम दिया गया था।
1960 को जन्में थे मारडोना
ब्यूनय आयर्स के बाहरी इलाके में 30 अक्टूबर 1960 में पैदा हुए माराडोना (Maradona) ने 1976 में अपने शहर के क्लब अर्जेटीना जूनियर्स के लिए सीनियर फुटबॉल में पदार्पण किया था। इसके बाद वह यूरोप चले गए जहां उन्होंने स्पेन के दिग्गज क्लब बार्सिलोना के साथ पेशेवर फुटबॉल खेली। माराडोना के निधन से उनके साथी खिलाड़ी और स्पोर्ट्स की कई हस्तियां बड़े सदमे में हैं। आइए जानते हैं माराडोना के निधन पर सचिन तेंदुलकर से लेकर विवियन रिचर्ड्स जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के रिएक्शन...
सचिन तेंदुलकर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि फुटबॉल और खेल जगत ने अपने महानतम सपूतों में से एक को खो दिया है। सचिन ने 1986 विश्व कप की जीत के बाद ट्राफी लिए अपने साथियों के कंधे पर सवार माराडोना की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, 'फुटबॉलऔर खेल जगत ने अपने महानतम सपूतों में से एक को खो दिया। आपकी आत्मा को शांति मिले डिएगो। आपकी याद आएगी।'
लियोनेल मेसी
अपनी कलात्मक फुटबॉल के लिए मशहूर महान फुटबॉलर अर्जेटीना के लियोनेल मेसी ने कहा है कि जिसका नाम डिएगो माराडोना है, वह कभी मर नहीं सकता क्योंकि डिएगो नाम अमर है। मेसी ने यह बात अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखी। मेसी अपने देश के महानतम फुटबॉल खिलाड़ी डिएगो माराडोना को याद कर रहे थे। मेसी ने अपने पोस्ट में कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह माराडोना के साथ एक समारोह में काफी खुश दिखाई दे रहे हैं। मेसी ने अपने संदेश में लिखा, 'अर्जेटीना के सभी लोगों और फुटबॉल के लिए बहुत ही दुखद: दिन। वह हमें छोड़कर चले गए, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं जा सकते क्योंकि डिएगो अमर हैं। मैं उस महान इंसान के साथ बितए गए सभी अच्छे पलों को याद करते हुए उनके परिजनों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। रेस्ट इन पीस।'
क्रिस्टियानो रोनाल्डो
माराडोना के निधन के बाद फुटबॉल जगत शोक में है। पुर्तगाल के महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने माराडोना को जादूगर बताते हुए कहा कि वह काफी जल्दी दुनिया से चले गए। रोनाल्डो ने ट्वीट किया,'आज मैंने अपने एक अच्छे दोस्त को अलविदा कह दिया और विश्व ने एक महान जिनियस को। विश्व के सर्वकालिक महान जादूगर। वह जल्दी चले गए, लेकिन अपने पीछे एक विरासत छोड़ गए और एक ऐसा शून्य जिसे कभी नहीं भरा जा सकता। भागवान आपकी आत्म को शांति दे। आप कभी नहीं भूलाए जा सकते।'
पेले
ब्राजील के पेले ने अपने साथी माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, 'कितनी दुखद खबर है। मैंने अपना एक महान दोस्त और दुनिया ने एक लेजेंड खो दिया। अभी काफी कुछ कहा जाना है, लेकिन मैं यहां कहूंगा कि ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। एक दिन उम्मीद है कि मैं और माराडोना आसमान में साथ फुटबाल खेलेंगे।'
विवियन रिचर्ड्स
दुनिया के महानतम क्रिकेट खिलाड़ियों में शुमार वेस्टइंडीज के सर विवियन रिचर्ड्स ने महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि यकीन नहीं हो रहा है कि फुटबॉल का महानायक अब इस दुनिया में नहीं रहा। रिचर्ड्स ने ट्वीट करते हुए माराडोना को याद किया और लिखा, 'यकीन नहीं हो रहा है कि फुटबॉल का महानायक अब इस दुनिया में नहीं रहा। आपकी आत्मा को शांति मिले डिएगो। आपके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।'
एफए, बार्सिलोना ने जताया शोक
इंग्लैंड के फुटबॉल एसोसिएशन ने माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बयान जारी किया है और श्रद्धांजलि दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 'बयान में एफए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क बुलिंगहम के हवाले से लिखा है, 'फुटबॉल एसोसिएशन की तरफ से माराडोना के परिवार, दोस्तों, अर्जेंटीना फुटबॉल संघ और अर्जेंटीना के वासियों को सांत्वना। बयान में कहा गया है, बिना किसी संदेह के खेल को खेलने वाले सबसे महान खिलाड़ियों में से एक। उनके द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई सफलता को कोई नहीं भूल सकता।'
ईपीएल ने जताया शोक
इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) विजेता लिवरपूल ने माराडोना की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, 'खेल के महान खिलाड़ी। भगवान आपकी आत्म को शांति दे डिएगो माराडोना। ईपीएल के एक और क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने कहा, फुटबॉल ने अपना एक महान आइकन खो दिया। भगवान आपकी आत्म को शांति दे माराडोना।' ईपीएल ने भी ट्वीट कर माराडोना के निधन पर दुख जताते हुए लिखा है, 'महान फुटबॉल खिलाड़ी डिएगो माराडोना के निधन की खबर सुनकर हम काफी दुखी हैं। वह एक बेहतरीन प्रतिभा के धनी फुटबॉल खिलाड़ी थे जिन्होंने खेल को बदला।'
Updated on:
26 Nov 2020, 9:04 AM IST
Published on:
26 Nov 2020, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.