
रियल मैड्रिड के लिए करीम बेंजेमा ने इतिहास रच दिया।
UEFA Champions League 2022: चैम्पियंस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा 13 बार खिताब जीतने वाली रियल मैड्रिड एक बार फिर फ़ाइनल में है। यहां उनका मुक़ाबला 6 बार की चैम्पियंन लिवरपूल से होगा। रियल मैड्रिड ने सेमीफाइनल में इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी को करारी शिकस्त दी। स्टार स्ट्राइकर करीम बेंजेमा के शानदार प्रदर्शन की मदद से रियल मैड्रिड ने सिटी को 3-1 से रौंद दिया।
पहले हाफ में रियल मैड्रिड और मैनचेस्टर सिटी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने एक दूसरे की कोई गोल नहीं करने दिया और पहला हाफ बगैर गोल के बराबरी पर रहा था। लेकिन दूसरे हाफ में मैच ने गति पकड़ी और एक के बाद एक दोनों टीमों ने चार गोल दागे।
मैच के 73वें मिनट में रियाद माहरेज ने बेहतरीन गोल दागते हुए मैनचेस्टर सिटी ने 1-0 की बढ़त दिलाई। यहां से मैनचेस्टर सिटी पूरी तरह रियल मैड्रिड पर हावी दिखी। एक समय ऐसा भी था जब लगा कि अब सिटी को फाइनल में जाने से कोई नहीं रोक सकता। लेकिन तभी मैच के आखिरी मिनट में बाजी पलट गई।
रियल मैड्रिड ने आखिरी मिनट में 3 गोल दागे और सिटी के अरमानों पर पानी फेर दिया। रियल मैड्रिड के लिए पहला गोल 90वें मिनट में रोड्रिगो ने दागा और इसी मिनट में टीम को पेनल्टी भी मिल गई, जो सोने पर सुहागा हो गया। इस पेनल्टी में करीम बेंजेमा ने गोल दागकर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई और पूरी बाजी ही पलट दी।
इस गोल के साथ ही करीम बेंजेमा ने इतिहास रच दिया। वह चैम्पियंस लीग के एक सीजन में इंग्लिश टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा 7 गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में आया, यहां पहले ही मिनट (90+1) में रोड्रिगो ने गोल दागकर रियल को 3-1 से जीत दिलाई।
फाइनल में रियल मैड्रिड का मुक़ाबला लिवरपूल से होगा। यह खिताबी मुकाबला 29 मई को पेरिस के स्टेड डि फ्रांस स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें करीम बेंजेमा ने लिवरपूल के खिलाफ पिछले 5 मुकाबलों में 4 गोल दागे हैं। ऐसे में फाइनल मुक़ाबले में वे रियल मैड्रिड के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
Updated on:
5 May 2022, 12:38 PM IST
Published on:
5 May 2022, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.