
नगर सहित तहसील भर में इंदौर से आने वालों के परीक्षण में पिछड़ा स्वास्थ्य विभाग आंगनवाड़ी उषा कार्यकर्ताओं से करा रहे नगर का सर्वे
गाडरवारा। कोरोना वायरस के लगातार बढते मरीजों के चलते इंदौर शहर हाट स्पाट बन गया है। छिंदवाड़ा में 20 मार्च को इंदौर से लौटे युवक के कोरोना वायरस पाजीटिव निकलने व बाद में उसकी मौत हो जाने के कारण नरसिंहपुर प्रशासन अलर्ट हो गया। और प्रशासन ने 15 मार्च के बाद इंदौर से जिले में लौटे लोगों को चिन्हित कर उन्हें होम क्वारेंटाइन कर दिया। जिला प्रशासन के आदेश से इन सारे लोगों का मेडिकल परीक्षण किया जाना था। लेकिन जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी अनुसार गाडरवारा नगरपालिका क्षेत्र में कुल चिन्हित 104 लोगों से इतने दिनों पश्चात भी मात्र 44 लोगों का परीक्षण हो सका है। यह एक बड़ी चूक है। क्योंकि, चूंकि इंदौर से लौटे लोगों में कोरोना वायरस का असर होना संभावित माना गया है। अत: बिना देरी किये इन सबका मेडीकल परीक्षण हो जाना था। ताकि समय रहते ही किसी अवांछित व अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। यह चूक चीचली नगर परिषद में भी देखी जा रही है जहां पांच में से एक व्यक्ति का ही स्वास्थ्य परीक्षण हो सका है। इसी तरह नगर परिषद सालीचौका में 8 में से 2 व्यक्तियों का और नगर परिषद सांईखेड़ा में 19 लोगों में से 13 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हो सका है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इंदौर से लाक डाउन के उपरांत और जिले की सीमाओं के सील होने के बाद भी लोगों का जिले में आना लगातार जारी है। कईयों के द्वारा यह जानकारी भी प्रशासन से छुपाई गई है। ऐसे लोगों की गिनती इस सबके अलावा होने की पूरी संभावना है।
आंगनवाड़ी, उषा कर रहीं सर्वे
बता दें कि जहां बाहर से आए अनेक लोगों का मेडीकल परीक्षण नहीं हो पाया है। वहीं बीते दिनों भामावार्ड, विजयकॉलोनी एवं हनुमान वार्ड में सर्वे कराया गया। जिसके पूरा होने के बाद अब नगर के अन्य वार्ड में सर्वे हो रहा है। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई जगह लोग बाहर से आने की जानकारी छिपाने का प्रयास भी कर रहे हैं। लेकिन सर्वे के बाद बाहर एवं इंदौर से आने वालों का आंकड़ा बढऩे का अनुमान भी लगाया जा रहा हे।
इनका कहना है,,
यह कमी मेरी जानकारी में भी आई है, गाडरवारा क्ष़ेत्र के डाक्टरों को उचित निर्देश इस बावत दिए गए हैं। इस कमी का निराकरण शीघ्र ही कर लिया जाएगा, और अतिशीघ्र सारे परीक्षण करके आगे की कार्रवाई कर ली जाएगी।
एनयू खान, सीएमएचओ नरसिंहपुर
Updated on:
16 Apr 2020, 6:20 PM IST
Published on:
16 Apr 2020, 6:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.